गोपाल स्कूल की दो छात्राओं का खेल कोटे से राजकीय सेवा में चयन
गोपाल विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की हैंडबाल खिलाड़ी सिमरन और साक्षी का चयन हुआ।
जागरण संवाददाता, जींद। गोपाल विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की हैंडबाल खिलाड़ी सिमरन और साक्षी का खेल कोटे से राजकीय सेवा में चयन हुआ है। विद्यालय की दो छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर छात्राओं को सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सैनी ने बताया कि विद्यालय के अनेक विद्यार्थी खेल कोटे से राजकीय सेवा में नौकरी हासिल कर चुके हैं। विद्यालय की हैंडबाल की टीम राष्ट्रीय स्तर पर अनेक वर्षों से अपना परचम लहरा रही है। इसी के चलते हमारे हैंडबाल के खिलाड़ी हर वर्ष राजकीय सेवाओं में जाकर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हैंडबाल की खिलाड़ी सिमरन का नॉर्दन रेलवे में व साक्षी का चयन बतौर क्लर्क हुआ है। उन्होंने दोनों छात्राओं की इस सफलता के लिए सिमरन और साक्षी के अभिभावकों व शारीरिक शिक्षक राजेंद्र सैनी को बधाई दी। प्राचार्य बलबीर ने कहा कि खेल के मैदान पर तैयार करके इन बच्चों को प्रतियोगिताओं में विजय बनाने में कोच की मुख्य भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय खेल विभाग के लिए हर प्रकार की सुविधाएं देने के लिए सदैव तैयार रहता है। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष महेश सिगला, सचिव रमेश बंसल ने भी चयनित खिलाड़ी छात्रों को आशीर्वाद दिया।