ट्रेन की पावर फेल, डेढ़ घंटे बाद पहुंचा दूसरा इंजन
किलाजफरगढ़ गांव के रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की पावर फेल हो गई। करीब डेढ़ घंटे इंतजार के बाद दूसरा इंजन पहुंचा तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। गर्मी में यात्रियों को तपती धूप में पैदल जाना पड़ा या फिर स्टेशन पर ही ट्रेन के इंतजार के लिए मजबूर होना पड़ा।
संवाद सूत्र, जुलाना : किलाजफरगढ़ गांव के रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की पावर फेल हो गई। करीब डेढ़ घंटे इंतजार के बाद दूसरा इंजन पहुंचा, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। गर्मी में यात्रियों को तपती धूप में पैदल जाना पड़ा या फिर स्टेशन पर ही ट्रेन के इंतजार के लिए मजबूर होना पड़ा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे बच्चों व महिलाओं को घंटों प्यासा रहना पड़ा।
किलाजफरगढ़ रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह 9 बजकर 11 मिनट पर 54036 पैसेंजर गाड़ी पहुंची, जो जींद से दिल्ली जाती है। इंजन ने काम करना बंद कर दिया और फिर दोबारा जींद से दूसरी पावर मंगवाई गई। जब तक काफी सवारियां पैदल ही गांव से होते हुए रोहतक के लिए रवाना हुई। जींद निवासी साहिल, सोहन, संतोष ने बताया कि वो जींद के रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठे थे। रेल को सुख का साधन माना जाता है, लेकिन इंजन में खराबी आने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं थी। पांच कैंपर मंगवाए गए थे। उन्हें यात्रियों ने खत्म कर दिया। रेल रोको अभियान को देखते हुए तैनात की गई पुलिस को भी प्यासे रहने पर ही मजबूर रहना पड़ा।