स्वर्णकार संघ ने मनाया गणेश महोत्सव
स्वर्णकार संघ द्वारा गणेश महोत्सव मंडल के सहयोग से 1
जागरण संवाददाता, जींद : स्वर्णकार संघ द्वारा गणेश महोत्सव मंडल के सहयोग से 18वां गणेश महोत्सव सुनार मार्केट में विधि विधान से हुआ। जिला एवं सत्र न्यायाधीश बलजीत सिंह ने मुख्य अतिथि और सीजेएम डॉ. अशोक कुमार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष संजय वर्मा व भारत भूषण ने दोनों न्यायाधीशों का स्वागत किया। न्यायाधीश बलजीत सिंह ने सभी स्वर्णकारों एवं बाजार के दुकानदारों को गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामाजिक व धार्मिक कार्यों से व्यक्तित्व उत्थान होता है। मनुष्य के अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे अपराध मुक्त समाज के गठन की सम्भावनाएं प्रबल होती हैं। मंच संचालन संघ के वरिष्ठ सदस्य बालमुकुंद भोला ने किया। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष बलजीत सिंह एवं सचिव डॉ. अशोक कुमार सीजेएम के सहयोग से आम नागरिकों के अधिकारों के लिए कानून की जानकारी के प्रति जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आम नागरिक को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। संघ के उपाध्यक्ष कुलदीप बडाला के बेटे अंशुल बडाला को जूडो कराटे में गोल्ड मेडल जीतने पर सम्मानित किया। इस अवसर पर नरेश सोनी, वीरेंद्र भामा, सचिव महेन्द्र सिंह, दीपक वर्मा, ताराचंद, कृष्ण सिगला, सुनील सोनी, कुलदीप, दीपक, अनिल सोनी, सोहन लाल, सत्यनारायण, विनोद सोनी, दीपक सोनी, गौरव वर्मा, ओमप्रकाश भारद्वाज, पीयूष भोला आदि मौजूद थे।