विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जींद में स्मॉग के कारण बड़ा हादसा, एक्सप्रेसवे पर आपस में टकराईं सात गाड़ियां; एक में लगी आग

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:39 PM (IST)

जींद में एक्सप्रेसवे 152-डी पर घने स्मॉग के कारण सात वाहन आपस में टकरा गए, जिससे एक हैरियर गाड़ी में आग लग गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हुए।

एक्सप्रेसवे पर गाड़ी में लगी आग। फोटो जागरण

एक्सप्रेसवे पर गाड़ी में लगी आग। फोटो जागरण

HighLights

  1. एक्सप्रेसवे 152-डी पर स्मॉग के कारण हादसा हुआ।

  2. सात वाहन आपस में टकराए, एक गाड़ी में आग लगी।

  3. हादसे में पांच लोग घायल हुए, मामूली चोटें आईं।

जागरण संवाददाता, जींद। एक्सप्रेसवे 152-डी पर अमरावली गांव के पास स्मॉग की वजह से सात वाहन आपस में टकरा गए। इनमें एक हैरियर गाड़ी में आग लग गई। इस सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालांकि किसी को ज्यादा चोट नहीं आई।

पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार सुबह बाकी दिनों की तुलना में ज्यादा स्माग था और दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी। सुबह साढ़े छह बजे के आसपास एक आई-10 ग्रैंड कार अंबाला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही हैरियर गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद हैरियर को पीछे से आ रही पांच अन्य गाड़ियों ने भी टक्कर मार दी। लगातार हुई टक्करों के बाद हैरियर गाड़ी में आग लग गई। आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर डायल 112 की टीम व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायल लोगों को एंबुलेंस की सहायता से नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

कई लोगों को लगी चोट

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग बुझाई गई। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। पिल्लूखेड़ा थाना के एएसआइ सुखदेव सिंह ने बताया कि जिस गाड़ी में आग लगी वह जींद के बरसोला गांव निवासी अजीत की थी।

अजीत को इसमें मामूली चोट आई है। वह आग लगने से पहले ही गाड़ी से नीचे उतर गया था। वह नारनौल की तरफ जा रहा था। वहीं मोहाली निवासी संतोष अपने परिवार के साथ खाटू श्याम के दर्शन करके वापस लौट रहा था।

इसमें केवल संतोष काे मामूली चोट आई हैं, जबकि उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। वहीं महेंद्रगढ़ जिले के लहरौदा गांव निवासी बलवंत अपने पोते व बेटे के साथ नारनौल जा रहा था। इसमें बलवंत, उसके बेटे व पोते को भी मामूली चोट आई हैं। सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।