विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जींद में रोडवेज बसों की कमी, रोहतक-भिवानी-पानीपत व हिसार रूट वाले यात्री दोपहर बाद हो रहे परेशान

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:09 PM (IST)

जींद में दोपहर बाद रोहतक, भिवानी, पानीपत और हिसार जैसे प्रमुख रूटों पर रोडवेज बसों की कमी से यात्री परेशान हैं। किसानों के धरने, धार्मिक आयोजनों और मरम्मत के कारण कई बसें उपलब्ध नहीं हैं।

दोपहर बाद रोहतक, भिवानी, पानीपत व हिसार रूट पर रोडवेज बसों की कमी के चलते यात्री परेशान। फाइल फोटो

दोपहर बाद रोहतक, भिवानी, पानीपत व हिसार रूट पर रोडवेज बसों की कमी के चलते यात्री परेशान। फाइल फोटो

HighLights

  1. जींद में दोपहर बाद प्रमुख रूटों पर बसों की कमी

  2. किसानों के धरने, सत्संग, मरम्मत के कारण बसें अनुपलब्ध

  3. यात्रियों को रोहतक, भिवानी, पानीपत, हिसार रूट पर इंतजार

जागरण संवाददाता, जींद। बसों की कमी के चलते यात्रियों को रोहतक, भिवानी, पानीपत व हिसार जैसे रूट पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार बस ढांडाखेड़ी गांव में किसानों के चलते रहे धरने पर पुलिसबल के लिए भेज रखी हैं। इसके अलावा दो बस शनिवार व एक बस रविवार को सिरसा के सिंकदपुर में आयोजित सत्संग में श्रद्धालुओं को लेकर जाएगी।

वहीं, पांच से सात बस मरम्मत के लिए खड़ी रहती हैं। ऐसे में दोपहर बाद यात्रियों को समय पर बस नहीं मिल पाती। आमतौर पर हर 10 से 15 मिनट में यात्रियों को बूथ से निर्धारित स्थान पर जाने के लिए बस मिल जाती है, लेकिन इन रूट पर यात्रियों को दोपहर बाद आधे से पौना घंटा तक इंतजार करना पड़ता है। जींद डिपो में लगभग 160 रोडवेज बस हैं, जिसमें किलोमीटर स्कीम की 37 बस शामिल हैं।

रोडवेज बसों में हर रोज लगभग 15 हजार यात्री सफर करते हैं, जिससे डिपो को हर रोज लगभग 10 लाख रुपय का राजस्व प्राप्त होता है। 160 में से इस समय लगभग 10 से 15 बस यात्रियों के लिए आनरूट नहीं हो पा रही। इस कारण यात्रियों को अपने निर्धारित स्थान पर जाने के लिए समय पर बस नहीं मिल पाती। रोहतक, भिवानी, पानीपत और हिसार रूट पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।

इन रूटों पर दोपहर के समय बसों के बीच अंतराल बढ़ने से यात्रियों को बस स्टैंड और बूथों पर लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता है। कई बार यात्रियों को समय पर बस नहीं मिलने के कारण अपने जरूरी कामों, नौकरी और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों में देरी का सामना करना पड़ता है।

यात्रियों का कहना है कि रोडवेज की बस सेवा का मुख्य उद्देश्य लोगों को समय पर और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करवाना है, लेकिन बसों की कमी के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर दोपहर बाद बसों का इंतजार करना मुश्किल हो जाता है।

यात्रियों के अनुसार हो रहा बसों का संचालन

यात्रियों की सुविधा अनुसार बसों का संचालन हो रहा है। जिस रूट पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा होती है, उस रूट पर बसों का संचालन किया जा रहा है। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके। -सुनील पूनिया, डीआई बस स्टैंड जींद।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।