सफाई कर्मचारी 25 अप्रैल का समझौता लागू कराने को दूसरे दिन भी भूख हड़ताल पर बैठे
नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के आहवान पर दूसरे दिन भी कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे।
फोटो : 15 जागरण संवाददाता, जींद : नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर दूसरे दिन वीरवार को भी नगर परिषद के रानी तालाब के नजदीक कार्यालय में कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे। सफाई कर्मचारी महिला प्रधान पूनम देवी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर कर्मचारियों की मांगों को जल्द लागू नहीं किया गया, तो बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। राजपाल परोचा ने कहा कि सरकार 25 अप्रैल को हुए समझौते को लागू करे। कोरोना से मरने वाले कर्मचारियों के परिवार वालों को 50 लाख रुपये की राशि दी जाए। प्रधान पवन चौहान ने कहा कि कर्मचारियों को चार हजार रुपये जोखिम भत्ता, समान काम समान वेतन दिया जाए। दो साल के अनुबंध के आधार पर कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। इस अवसर पर उप प्रधान सोहनलाल, जितेंद्र, राहुल, सुमित, सूरजभान, सुनीता देवी मौजूद रहे।