गले लगाने वाले दुष्यंत को कमान देगी जनता : दिग्विजय
सोनीपत से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता फरसा दिखाकर डराने वाले मुख्यमंत्री को आगामी चुनाव में चलता करेगी। ब्राह्मण नेता का सिर काटने की धमकी देना भगवान परशुराम का अपमान है।
संवाद सूत्र, जुलाना : सोनीपत से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता फरसा दिखाकर डराने वाले मुख्यमंत्री को आगामी चुनाव में चलता करेगी। ब्राह्मण नेता का सिर काटने की धमकी देना भगवान परशुराम का अपमान है। वीरवार को जुलाना हलके के गांवों का दौरा करके 22 सितंबर को रोहतक में होने वाले सम्मान दिवस समारोह का न्यौता देने पहुंचे दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सीएम मनोहरलाल भरे मंच पर भगवान परशुराम का अपमान कर रहे हैं। वे कभी फरियाद लेकर गए बुजुर्ग दंपति को धमकाते दिखाई देते हैं। यह सब उनके अहम को दिखाता है। उन्होंने कहा की 75 पार का नारा देने वाले मुख्यमंत्री ने 40 एसडीओ अकेले गुजरात के लगा दिए, जो इनकी हरियाणा के पढ़े लिखे युवाओं का विरोधी होने का प्रमाण हैं। दिग्विजय ने पूर्व के लोकसभा चुनाव नतीजों से ना घबराने की बात कहते हुए कहा की मोदी ने एक बार फिर राष्ट्रवाद का नारा देकर जनता को बरगलाने का काम किया। राहुल गांधी जैसे अपरिपक्व नेतृत्व के कारण भाजपा का काम आसान कर दिया। दिग्विजय ने कहा की आज पढ़े लिखे नेतृत्व की जरूरत है, इसलिए इस विधानसभा चुनाव में 90 सीटों में से 50 प्रतिशत सीटें युवाओं को देने का काम करेंगे ताकि हरियाणा की जनता के लिए नई कल्याणकारी नीतियों को बनाया जा सके।