गोहाना, हांसी, पानीपत रूट पर प्राइवेट बसें भी शुरू
रोडवेज के साथ-साथ प्राइवेट बसें भी अब ऑन रूट हो गई हैं।
जागरण संवाददाता, जींद : रोडवेज के साथ-साथ प्राइवेट बसें भी अब ऑन रूट हो गई हैं। गोहाना, हांसी, पानीपत, रोहतक समेत दूसरे रूटों पर 25 फीसद निजी बसें चल पड़ी हैं। इससे यात्रियों को सुविधा होगी। रोडवेज की भी 55 बसें हर रोज अंतरजिला और लोकल रूटों पर चल रही हैं।
बताते चलें कि पिछले सप्ताह ही एडीसी की ओर से बसों के रूट और टाइमिग निर्धारित किए थे। एक चौथाई बसें ही रूटों पर उतारने का प्लान बनाया था और एक बस में अधिकतम 25 यात्रियों को बैठने की इजाजत दी थी। बस चालक और परिचालक को मास्क लगाना अनिवार्य किया है और बस को भी हर रोज सैनिटाइज करना होगा। जींद से नरवाना, हांसी, बरवाला, असंध, गोहाना, सफीदों समेत कुल मिलाकर 78 सहकारी समिति की बसें चलती हैं। कई रूटों पर चली प्राइवेट बसें
सोमवार को जींद से गोहाना, नरवाना से हांसी समेत कुछ और रूटों पर प्राइवेट बसें चली। मंगलवार को रोहतक रूट पर भी बसें चलाई जाएंगी। धीरे-धीरे सभी रूट बहाल किए जाएंगे। परिवहन आयुक्त के नियमानुसार ही चलेंगी बसें : एडीसी
एडीसी डॉ. सत्येंद्र दूहन ने कहा कि परिवहन आयुक्त हरियाणा की तरफ से जारी लेटर के मुताबिक नियमानुसार ही प्राइवेट बसों को चलाया गया है। इसमें प्राइवेट बस संचालकों को एक चौथाई बसें चलाने की इजाजत दी गई है। इस हिसाब से फिलहाल 19 या 20 बसें ही चल पाएंगी। हालांकि यह रूट पर निर्भर करेगा कि किस रूट पर कितनी बसें चलेंगी।