पुलिसकर्मी ने की प्रवासी महिला से छेड़छाड़, लाइन हाजिर
कस्बे के वार्ड-4 में देर रात नशे में चूर एक पुलिस कर्मचारी द्वारा एक प्रवासी महिला के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है।
संवाद सूत्र, सफीदों : कस्बे के वार्ड-4 में देर रात नशे में चूर एक पुलिस कर्मचारी द्वारा एक प्रवासी महिला के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत सिटी थाना में की है। पुलिस ने आरोपी हवलदार सत्यवान को लाइन हाजिर कर दिया है। पीड़ित महिला ने बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं। एक साल से सफीदों के वार्ड-4 में रह रहे हैं। पुलिसकर्मी रात्रि करीब 8 बजे स्कूटी पर सवार होकर उनके निवास स्थान पर आया और उन्हें रात्रि में सफीदों के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रवासी मजदूरों के लिए बनाए गए सेंटर में जाने की बात कहने लगा। जब उन्होंने कहा कि वे सुबह आ जाएंगे, तभी पुलिसकर्मी कहने लगा कि अभी मेरे साथ चलना होगा। महिला ने आरोप लगाए हैं कि पुलिसकर्मी गलत नीयत से उनके घर में घुसा और दुर्व्यवहार करने के साथ गलत तरीके से कई शरीर के अंगों को भी छुआ। जब उसके पति ने इसका विरोध किया तो उसे हेकड़ी दिखाई। शोर मचाए जाने पर मुहल्ले के लोग एकत्रित हुए और मौके पर पुलिसकर्मी की वीडियो भी बनाई गई। वीडियो में नशे में चूर पुलिसकर्मी का नाक फूटा हुआ व वर्दी भी कीचड़ युक्त दिखाई दे रही है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मौके से ले गई। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में हेड कांस्टेबल सत्यवान का मेडिकल परीक्षण भी करवाया। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद आरोपी हवलदार को लाइन हाजिर कर दिया गया। सिटी थाना प्रभारी देवीलाल का कहना है कि मामले की जांच महिला पुलिस को सौंपी गई है।