बैंकों की हड़ताल के चलते लोग हुए परेशान, एटीएम से पैसे हुए खत्म
जिले भर में बैंक कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। 159 बैंक शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल पर रहने के चलते करीब 400 करोड़ रुपए का लेनदेन प्रभावित हुआ।
जागरण संवाददाता, जींद : यूनाइटेड फोरम और बैंक इंप्लॉयज एसोसिएशन के आह्वान पर जिले भर में बैंक कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। 159 बैंक शाखाओं के कर्मचारी हड़ताल पर रहने के चलते करीब 400 करोड़ रुपए का लेनदेन प्रभावित हुआ। दो दिन से हड़ताल चलने के कारण अधिकतर एटीएम से कैश खत्म हो गया। इसके कारण लोग नकदी के लिए इधर से उधर भटकते हुए नजर आए, लेकिन निजी बैंकों की एटीएम चलने के कारण लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन वहां पर नकदी निकालने के लिए लोगों की काफी लंबी लाइन लगी थी। शनिवार सुबह हड़ताल पर चल रहे सभी बैंकों के कर्मचारी डीआरडीए के सामने स्थित पीएनबी की शाखा के बाहर इकट्ठा हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारी नेता दलबीर ने बताया कि उनकी मांग वेतन संशोधन कर 20 प्रतिशत बढ़ोतरी करने, सप्ताह में पांच दिन बैंक खोलने, बढ़ी हुई नई पेंशन लागू करने की है। सभी कर्मचारियों की पेंशन में संशोधन किया जाए। फैमिली पेंशन स्कीम को लागू किया जाए। बैंकों में कर्मचारियों की कमी है। जल्द ही नई भर्ती की जाए। बिना शर्त के सेवानिवृत्त लाभों पर आयकर से छूट दी जाए।