इंडस के एनसीसी कैडेट ने बेटी बचाओ पर किया जागरूक
इंडस पब्लिक स्कूल के एनसीसी कैडेट ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता रैली निकाली जिसे प्राचार्या अरुणा शर्मा व उपप्राचार्य प्रवीन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरण संवाददाता, जींद : इंडस पब्लिक स्कूल के एनसीसी कैडेट ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता रैली निकाली, जिसे प्राचार्या अरुणा शर्मा व उपप्राचार्य प्रवीन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का मुख्य उद्देश्य बेटियों को बचाने तथा उनको पढ़ाने के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
प्राचार्या अरूणा शर्मा ने कहा कि कैडेट ने जागरूकता रैली के जरिए स्कूल के आसपास के क्षेत्रों में लोगों को प्रेरित किया। लोगों ने एनसीसी कैडेट का उत्साह बढ़ाते हुए सराहनीय प्रयास बताया। स्कूल प्राचार्या अरूणा शर्मा ने एनसीसी कैडेट को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और अपने आस-पास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश में लड़कियों की संख्या लड़कों की तुलना में काफी कम है, इसलिए हमें लड़कियों की शिक्षा की तरफ ध्यान देकर बेटी बचाने के लिए लोगों को प्रेरित करना चाहिए। उपप्राचार्य प्रवीन कुमार ने बाल विवाह निषेध पर कैडेट को जागरूक करते हुए कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल और लड़कों की शादी की उम्र 21 साल से कम नहीं होनी चाहिए। हमें अपने आसपास अथवा कहीं भी 18 साल से कम उम्र की लड़की की शादी करते दिखाई दें तो हमें तुरन्त महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय को सूचना देनी चाहिए।