नरवाना में CIA टीम पर हमला, पूछताछ करने गए सिपाही को महिला ने मारा चाकू; पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 5 आरोपितों को दबोचा
नरवाना में हिसार रोड फाटक के पास चमेला कॉलोनी में एक युवक से पूछताछ करने गई सीआईए टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में सिपाही चिराग को चाकू मारकर घायल कर दिया गया।
-1795456398995_m.webp)
नरवाना में सीआईए टीम पर हमला, चाकू लगने से सिपाही घायल।
HighLights
सीआईए टीम पर नरवाना में हमला हुआ
पूछताछ के दौरान सिपाही को चाकू लगा
पुलिस ने पांच हमलावरों को गिरफ्तार किया
संवाद सूत्र, नरवाना। रविवार रात को एक युवक से पूछताछ करने के लिए हिसार रोड फाटक के पास चमेला कॉलोनी में गई सीआईए टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें सिपाही को चाकू मारकर घायल कर दिया।
पुलिस ने सिपाही की शिकायत पर पांच महिलाओं समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए अन्य पर सरकारी काम में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए स्टाफ के कॉन्स्टेबल चिराग ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 22 नवंबर रात को वह, एएसआइ रणधीर, हेड कॉन्स्टेबल प्रदीप, चालक जंगीर, होमगार्ड सुखविंद्र के साथ गश्त पर थे। हिसार रोड फाटक के पास चमेला कॉलोनी में हनुमान मंदिर के पास युवक उनको देखकर भागने लगा।
जब शक के आधार पर उससे पूछताछ करनी चाही तो कमलेश, बिमला उर्फ केला, सीता, रेनू, सपना, राहुल, बंटी व दो-तीन अन्य लोग वहां आ गए। उन्होंने युवक को रोकने का कारण पूछा तो उन्होंने सीआईए से होने का हवाला दिया। इस पर आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया। एक महिला बिमला उर्फ केला ने चाकू से कॉन्स्टेबल चिराग के हाथ पर हमला कर चोट पहुंचाई।
इसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा, तो आरोपितों ने लात-घूंसों से हमला कर दिया। जब पुलिस के अन्य कर्मचारी चिराग को छुड़वाने पहुंचे तो उनके साथ भी आरोपितों ने धक्का-मुक्की कर सरकारी काम में बाधा डाली। इसके बाद सभी आरोपित उनको जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। चिराग को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कर उसे छुट्टी मिल गई।
सीआईए स्टाफ के कॉन्स्टेबल पर चाकू से हमला करने व सरकारी काम में बाधा डालने पर तीन महिलाओं बिमला, रेणू, सपना व दो पुरुष राहुल व बंटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। - जसबीर सिंह, एसएचओ, शहर थाना, नरवाना।