जींद में 12वीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, हाथ-मुंह बांधकर तालाब में फेंका
जींद जिले के एक गांव में युवकों ने 12वीं की छात्रा का अपहरण किया और इसके बाद उससे सामूहिक दुष्कर्म किया।
जेएनएन, जुलाना (जींद)। जिले के जुलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवकों ने रात को घर से 12वीं की छात्रा का अपहरण किया और फिर उसे सुनसान जगह पर ले गए। वहां पहले से चार युवक मौजूद थे। दोनों युवकों ने छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि अन्य चार युवकों ने भी उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके बाद युवकों ने उसके हाथ-पांव व मुंह बांधा और उसे तालाब में फेंक दिया।
16 वर्षीय पीड़ित छात्रा के मुताबिक 20 अक्टूबर की रात 11 बजे वह मां के हाथों पर मेहंदी लगाकर कमरे में सोने चली गई। इसी दौरान गांव के दो युवक आए और उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद वह उसे बाइक पर खेतों में ले गए, जहां पहले से चार युवक मौजूद थे। दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
छात्रा के मुताबिक इसके बाद अन्य चारों युवकों ने दुष्कर्म की कोशिश की। बाद में आरोपितों ने कपड़े से उसके मुंह व हाथ-पैर बांध दिए और तालाब में फेंक दिया। इसी दौरान उसको तलाशते हुए परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें आता देखकर सभी युवक भाग गए। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर गांव के ही छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
जींद की डीएसपी पुष्पा खत्री का कहना है कि छात्रा की शिकायत पर महिला थाना में केस दर्ज कर छह युवकों को गिरफ्तार किया है। छात्रा ने बताया कि दीपक और प्रवीन ने उसके साथ दुराचार किया है और कपिल, संजीव, छोटू व नसीब ने उसके साथ छेड़खानी की है।