हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का Filmy Babe रिलीज, नए गाने से पाखंडी बाबाओं और डेरों पर किया कटाक्ष
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने अपना दूसरा गाना 'फिल्मी बाबा' रिलीज किया है, जिसमें उन्होंने पाखंडी बाबाओं और डेरों पर कटाक्ष किया है।

मासूम शर्मा ने पाखंडवाद पर फिर किया कटाक्ष, ‘फिल्मी बाबा’ गाना रिलीज।
HighLights
मासूम शर्मा ने 'फिल्मी बाबा' गाना किया रिलीज
गाने में पाखंडी बाबाओं और डेरों पर किया कटाक्ष
सिंगर ने पाखंडवाद के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की
संवाद सूत्र, जुलाना। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने अपना दूसरा गाना फिल्मी बाबा भी रिलीज कर दिया। इसमें मासूम ने गाया है और कलाकार अमर करनावल ने लिरिक्स लिखे हैं। आठ सितंबर को मासूम ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर फिल्मी बाबा का 3.41 मिनट का ऑफिशियल ट्रैक जारी किया है।
इसमें पाखंडी बाबाओं व डेरों को एक बार फिर से निशाने पर लेते हुए सवाल उठाए हैं। मासूम ने पाखंडवाद को लेकर फिर खुलकर कटाक्ष किया है।
एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान तत्वदर्शी गाना गाते हुए कहा, 'इन पाखंडी व अरबपति संस्थाओं के खिलाफ हिम्मत कर आवाज उठाई है। आप भी हिम्मत करो और यह कहीं भी फंसें, इनको जूते मारो। यह किसी को या मुझे भी गोली मरवा सकते हैं। मैं फिर भी इनके खिलाफ बोल रहा हूं।'
मासूम शर्मा पड़ाना के श्याम मंदिर में रविवार रात को कीर्तन के दौरान बोल रहे थे। इसमें कलाकार हैरी लाठर, सुरेंद्र रोमियो भी पहुंचे थे। कलाकार हैरी लाठर ने भी पाखंड पर खुलकर बोला। उन्होंने कहा कि कई इसकी आड़ में नशा करते हैं। अपने मां-बाप की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं।
मासूम शर्मा ने बालाजी के भक्त बने और दरबार लगावै मंगल नै, चटा राख की चुटकी ये भूत भगावै मंगल नै, सुलझाए तै सुलझ ना गुत्थी इनके भेदा की, रेप केस में फंसे पड़े और बात करे वेदां की, गाना गाया। मासूम शर्मा ने कहा, अगर मैं कहीं स्टेज पर गाली दे दूं, तो सब उसको तेजी से शेयर करते हैं, लेकिन अच्छी बात को कोई शेयर नहीं करता।
बता दें कि एक कथावाचक के समर्थकों से उनकी तनातनी चल रही है। मासूम शर्मा व हैरी ने लाइव आकर धमकी मिलने की बात भी कही थी और कहा था कई ऐसे गाने आने हैं, जो पाखंड के खिलाफ हैं।
