एनआरसी और सीएए के खिलाफ वामपंथियों का बाजारों में प्रदर्शन
वामपंथी पार्टियों मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जन संघर्ष मंच ने वीरवार को जींद शहर के बाजारों में एनआरसी सीएए के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, जींद : वामपंथी पार्टियों मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जन संघर्ष मंच ने वीरवार को जींद शहर के बाजारों में एनआरसी, सीएए के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले जींद के नेहरू पार्क में सैकड़ों लोग इकट्ठे हुए। जनसभा की अध्यक्षता नूतन प्रकाश, प्रेम सिंह व सुधीर शास्त्री ने की। वक्ताओं ने बताया कि आरएसएस द्वारा संचालित केंद्र की भाजपा सरकार ने धार्मिक उन्माद भड़काने, सांप्रदायिक नफरत और विभाजन पैदा करने के लिए राम मंदिर, गोहत्या, लव जिहाद, फर्जी राष्ट्रवाद के मुद्दे उठाने और कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद अब नागरिकता कानून में संशोधन करके एक और बड़ा षड्यंत्र किया है। विपक्षी पार्टियों के विरोध के बावजूद और संसदीय समिति में चर्चा किए बिना केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों में अपने संख्या बल के सहारे संशोधन पारित करके यह नया कानून बना दिया है। इसके तहत पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से 31 दिसंबर 2014 तक हमारे देश में गैर कानूनी तरीके से आए हिदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाईयों को भारत की नागरिकता प्रदान कर दी गई है। इसमें सिर्फ मुसलमानों को बाहर रखा गया है। यह कानून देश की नागरिकता को व्यक्ति विशेष के धर्म से जोड़ता है, जो हमारे संविधान के धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांत के बिल्कुल विपरीत है। यह देश की एकता और अखंडता के लिए बेहद खतरनाक है। जनसभा को कामरेड प्रकाश चन्द्र, रमेश चन्द्र, सुधीर शास्त्री, फूलसिंह, कपूर सिंह, संदीप, वीरभान, प्रेम आदि ने सम्बोधित किया।