जींद में सुमन हत्याकांड: पड़ोसी शिव कुमार ने रंजिश में की हत्या, लूटपाट कर छिपाया अपराध
जींद के फतेहगढ़ गांव में सुमन की हत्या के आरोपी पड़ोसी शिव कुमार को पुलिस रिमांड के बाद अदालत ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से 3.77 लाख रुपये, दो फोन, जेवरात और एक गाड़ी बरामद की है।
-1795456676189_m.webp)
पुलिस ने किया फतेहगढ़ गांव में महिला की हत्या व लूटपाट का राजफाश।
HighLights
आरोपी शिव कुमार को सुमन की हत्या में जेल भेजा
पुलिस ने 3.77 लाख रुपये, फोन, जेवरात बरामद किए
रंजिश के चलते हत्या कर लूटपाट का नाटक किया
जागरण संवाददाता, जींद। गांव फतेहगढ़ में सुमन की हत्या के आरोपित पड़ोसी शिव कुमार को सोमवार को पुलिस ने चार दिन के रिमांड के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपित से तीन लाख 77 हजार, दो फोन, जेवरात व गाड़ी बरामद की है।
आरोपित हत्या के इरादे से सुमन के घर में घुसा था। हत्या के बाद उसने लूटपाट की और फरार हो गया था। गांव फतेहगढ़ में 16 नवंबर को सुमन की हत्या हो गई थी। पहले तो स्वजनों ने सोचा कि उसकी हृदयगति रुकने से मौत हुई है, लेकिन गले पर मिले निशान व घर की अलमारी में रखे आठ लाख 70 हजार रुपये व जेवरात गायब मिले थे।
इसके बाद स्वजनों को हत्या की आशंका हुई और उन्होंने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने सुमन के पति ऋषिराम की शिकायत पर पड़ोसी शिव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। शिव कुमार चार दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा है।
किराए पर गाड़ी लेकर हुआ था फरार
पुलिस ने बताया कि शिव कुमार हत्या के बाद एक स्विफ्ट कार किराए पर लेकर फरार हो गया था। वह दो दिन तक फरीदाबाद व सोनीपत रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। शिव कुमार अकेला ही घर में घुसा और हत्याकांड को अंजाम देकर अकेला ही पैसे व जेवरात लेकर फरार हुआ था।
किसी बात को लेकर सुमन से थी रंजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिव कुमार की किसी बात को लेकर सुमन से रंजिश थी। वह सुमन की हत्या करना चाहता था। कई दिन से वह सुमन के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर रहा था कि वह घर में कब अकेली होती है। 16 नवंबर को वह सुमन को अकेला पाकर घर में घुसा। उस समय सुमन सो रही थी।
उसने सुमन का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद सुमन को बेड पर लिटा दिया। हत्या के मामले को छिपाने के लिए उसने घर में रखे पैसे व जेवरात चोरी कर लिए ताकि लोगों को लगे कि कोई चोर घुसा है। उसने ही सुमन की हत्या की है।
पुलिस ने रिमांड के दौरान शिव कुमार से तीन लाख 77 हजार, दो मोबाइल फोन, जेवरात व स्विफ्ट गाड़ी बरामद की है। पूरे हत्याकांड में वह अकेला ही था। चार दिन के रिमांड के बाद सोमवार को उसे दोबारा अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। - कमल सिंह, जुलाना थाना प्रभारी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।