जींद के रोहतक रोड पर एलपीजी टैंकर में लगी भीषण आग, 50 फीट ऊंची लपटें
जींद के रोहतक रोड पर शुक्रवार रात एक एलपीजी टैंकर में भीषण आग लग गई, जिससे 50 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। पुलिस ने रोड ब्लॉक कर दिया और 15 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने सुबह तक आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
-1795284746321_m.webp)
एलपीजी से भरे टैंकर में लगी आग। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
रोहतक रोड पर एलपीजी टैंकर में लगी भीषण आग।
आग की लपटें 50 फीट ऊपर तक उठ रही थीं।
15 फायर ब्रिगेड गाड़ियों ने सुबह तक आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, जींद। रोहतक रोड पर शुक्रवार रात करीब 11 बजे करीब सात टन एलपीजी से भरे टैंकर में आग लग गई। आग की लपटें 50 फीट ऊपर तक उठ रही थी। सूचना पाकर डीएसपी विपिन अहलावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रोहतक रोड को पूरी तरह ब्लाक कर दिया।
आसपास के जिलों से पहुंची फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों ने सुबह तीन बजे तक आग पर काबू पाया।जिस समय आग की लपटें उठ रही थी, बिशनपुरा के काफी लोग घरों को खाली करते हुए अनूपगढ़ व घिमाना की तरफ चले गए।
जिस स्थान पर आग लगी, उससे करीब 50 मीटर दूर पेट्रोल पंप और 800 मीटर दूर एचपी गैस प्लांट है। गनीमत रही कि आग और कहीं नहीं फैली, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस उसका पता करके उसके खिलाफ मामला दर्ज करेगी। ग्रामीणों ने बताया कि बिशनपुरा गांव में रोहतक रोड पर एलजीपी से भरा टैंकर खड़ा था। इसमें सात टन गैस भरी थी। इसी दौरान टैंकर में आग लग गई। आग लगते ही चालक व आसपास के लोग भाग गए।
टैंकर से धुएं के गुब्बार बन रहे थे। आग बुझाने के लिए आसपास के सोनीपत, रोहतक, हांसी व हिसार से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई। पुलिस ने रोहतक रोड को पूरी तरह ब्लाक कर दिया। सुबह तीन बजे तक आग पर काबू पाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।