जींद ITI में मेगा जॉब फेयर, 35 कंपनियों ने 780 युवाओं को किया शॉर्टलिस्ट
जींद के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 35 कंपनियों ने भाग लिया।

ITI में चयनित शॉर्टलिस्ट उम्मीदवार (जागरण फोटो)
HighLights
जींद आईटीआई में जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेला आयोजित
35 कंपनियों ने भाग लिया, 780 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट हुए
डिप्टी स्पीकर ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने पर बल दिया
जागरण संवाददाता, जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिला रोजगार कार्यालय व युवा सशक्तिकरण व उद्यमशीलता विभाग हरियाणा के तत्वावधान में जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा व जिला रोजगार अधिकारी अंजू नरवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्राचार्य धर्मेंद्र सिंह व उपप्राचार्य प्रवेश कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में 2508 अभ्यर्थियों ने आनलाइन आवेदन किया था, जबकि 1223 अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन माध्यम से रोजगार मेले में आवेदन किया।
780 अभ्यर्थियों को किया शॉर्टलिस्ट
मेले में 35 कंपनियों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता व व्यावहारिक कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया आयोजित की। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों के दस्तावेजों, योग्यता एवं कौशल का मूल्यांकन किया गया। इस चयन प्रक्रिया के दौरान 780 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच व अथक मेहनत के परिणामस्वरूप भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है। वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली थी, उस समय भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 14वें स्थान पर था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है।
यह देश की बढ़ती आर्थिक ताकत, आत्मविश्वास और सामर्थ्य का प्रमाण है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में देश के युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।
आज भारत लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि आज भारत केवल आर्थिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि रक्षा, तकनीक, विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के क्षेत्र में भी लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है।
भारतीय सेना देश की सीमाओं की सुरक्षा करने के साथ-साथ दुश्मन की किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। आज भारत की ओर कोई भी देश आंख उठाकर देखने का साहस नहीं कर सकता। विश्व में भारत का मान-सम्मान और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।