करसिधु बैंक में नकदी नहीं आने से लोग परेशान
गांव करसिधु में एसबीआई बैंक में किसानों के खातों में आई पेमेंट जनधन खातों में आई राशि के अलावा अन्य बैंक उपभोक्ताओं को नकदी को लेकर कुछ दिनों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संवाद सूत्र, उचाना : गांव करसिधु में एसबीआई बैंक में किसानों के खातों में आई पेमेंट, जनधन खातों में आई राशि के अलावा अन्य बैंक उपभोक्ताओं को नकदी को लेकर कुछ दिनों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सुबह से ही बैंक के बाहर बैंक खाता धारक पहुंचने शुरू हो जाते है। भीड़ अधिक होने पर यहां पर शारीरिक दूरी नजर नहीं आती है। बैंक उपभोक्ताओं का कहना है कि खातों से पेमेंट लेने को लेकर परेशानी हो रही है। किसान राजेंद्र, पाला, बलवंत, सूबे सिंह, नफे सिंह, नरेंद्र, सुरेंद्र, लीला ने कहा कि खातों में पेमेंट आई हुई है, लेकिन उसको लेने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज काफी संख्या में लोग बिना पेमेंट निकलवाए वापस चले जाते है। बैंक मैनेजर का कहना होता है कि जो पेमेंट आई थी वो दे दी गई है। डिमांड अधिक है, नकदी कम आ रही है। जितनी डिमांड हर रोज होती है उतनी पेमेंट बैंक को मंगवानी चाहिए। हर रोज गर्मी के इस मौसम में बैंक के बाहर लाइन में लग कर पेमेंट निकलवाने के लिए बारी का इंतजार करते है। जब उनकी बारी आती है तो बैंक के गेट बंद कर दिए जाते है।
वर्जन
जो पेमेंट आती है उसको बांटा जा रहा है। डिमांड अधिक होने के चलते जो पेमेंट आती है वो जल्दी बंट जाती है। किसानों के खातों में गेहूं की राशि की पेमेंट आई है तो अन्य खातों में अन्य योजनाओं के तहत राशि आई है। जितना एक बार में पेमेंट आ सकती है उतनी पेमेंट मंगवाई जाती है।
-समुंद्र गुप्त मोर्या, मैनेजर, एसबीआई, करसिधु।