बचन सिंह को जीता दो, फुर्सत से दही मट्ठा पीकर जाऊंगी: हेमामालिनी
सफीदों उपमंडल की पिल्लूखेड़ा की अनाज मंडी में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य के समर्थन में रैली को संबोधित करने के लिए भाजपा की स्टार प्रचारक एवं मथुरा से सांसद हेमामालिनी पहुंची।
संवाद सूत्र, सफीदों : सफीदों उपमंडल की पिल्लूखेड़ा की अनाज मंडी में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी बचन सिंह आर्य के समर्थन में रैली को संबोधित करने के लिए भाजपा की स्टार प्रचारक एवं मथुरा से सांसद हेमामालिनी पहुंची। रैली में आए लोग उनका नजदीक से दीदार करना चाहते थे। स्टेज पर पहुंचकर हेमामालिनी ने कई हजार की संखया में उपस्थित जनता का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। महिला मोर्चा की महिलाओं व वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनका शॉल व बुके भेंट करके अभिनंदन किया।
रैली को संबोधित करते हुए हेमामालिनी ने कहा कि हरियाणा के लोग बहुत ही मिलनसार व मृदुभाषी है और हरियाणा की माटी की सुगंध भी कुछ विशेष है। यहां के दूध, दही और मट्ठे की चर्चा पूरे भारत में होती है। हरियाणा के लोगों ने भारत ही नहीं, पूरे विश्व में धाक जमाई है। भाजपा ने आपके इलाके के कर्मठ, ईमानदार और जुझारू नेता बचन सिंह आर्य को टिकट देकर भेजा है और मैं इनके लिए आप लोगों से समर्थन मांगने आई हूं। हेमामालिनी ने जनता के साथ अपनापन जाहिर करते हुए कहा कि हरियाणा का दूध, दही व मट्ठा बहुत प्रसिद्ध है लेकिन आज मैं प्रचार में व्यस्त होने के कारण उसका आनंद नहीं उठा सकती लेकिन इतना विश्वास जरूर दिलाती हूं कि आप बचन सिंह आर्य को भारी मतों से जीताकर विधानसभा में भेजेंगे तो वह फिर दोबारा यहां आएंगी और आराम से बैठकर आप लोगों के साथ दूध, दही व मट्ठे का आनंद उठाएगी। जिस पर उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर हेमामालिनी को बचन सिंह आर्य को जिताने का आश्वासन दिया। --बचन सिंह करेंगे इलाके का विकास
हेमामालिनी ने उपस्थित जनता से हाथ उठवाकर बचन सिंह आर्य का समर्थन मांगते हुए कहा कि बचन सिंह आर्य जीतकर इस इलाके में चार चांद लगाएंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति के आधार पर कार्य कर रही हैं और जनता भी उनकी नीतियों और कार्यक्रमों में अपना विश्वास लगातार जता रही है। देश के लोगों ने केंद्र में प्रचंड बहुमत प्रदान किया और अब हरियाणा की मनोहर लाल सरकार को फिर से पूर्ण जनादेश मिलने जा रहा है। मनोहर लाल खट्टर ने अपने कार्यकाल में बेहतरीन कार्य करके हरियाणा की एक विशेष छाप पूरे भारत में छोड़ी है। उन्होंने कहा कि अगर आप बचन सिंह आर्य को भारी मतों से जीताकर भेजते हैं तो वह हरियाणा सरकार का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे। --बचन को मुझसे बड़ी जीत दिलाओ: कौशिक
सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि बचन सिंह आर्य उनके बड़े भाई हैं और उनके राजनीतिक जीवन में उनका लगातार साथ मिलता रहा है। जब लोकसभा चुनाव हो रहे थे तो बड़े भाई का धर्म निभाते हुए बचन सिंह आर्य ने ऐनवक्त पर भाजपा में शामिल होकर उनका डटकर साथ दिया। उसका परिणाम यह रहा कि आप लोगों के आशीर्वाद से सोनीपत लोकसभा क्षेत्र की सभी 9 विधानसभाओं में सफीदों विधानसभा से बड़ी जीत प्राप्त हुई। अब मैं चाहता हूं कि बचन सिंह आर्य को मुझसे भी बड़ी जीत प्राप्त हो। अपने 5 साल के कार्यकाल में इस इलाके में करीब 12 सौ करोड़ रुपए के विकास करवाए थे और बचन सिंह आर्य के विधायक बनने के बाद यहां कई 1200 करोड़ के विकास होंगे।