आदर्श चुनाव आचार संहिता का डंडा, होर्डिंग मुक्त हुआ शहर
प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का असर अब शहर में दिखाई देने लगा है। इससे जींद शहर भी होर्डिंग मुक्त हो गया है।
जागरण संवाददाता, जींद : प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता का असर अब शहर में दिखाई देने लगा है। इससे जींद शहर भी होर्डिंग मुक्त हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के होर्डिंग को रोड से हटा दिया गया है। शहर के सबसे व्यस्तम मार्ग गोहाना रोड कुछ दिन पहले तक पूरी तरह से पोस्टरों और होर्डिंग से अटा पड़ा था। जैसे ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लगी, तो यहां पर लगे सभी पोस्टरों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया। डीसी डा. आदित्य दहिया के निर्देशानुसार शहर के सभी मार्गों से नगर परिषद ने होर्डिंग और पोस्टर हटा दिए हैं। इससे शहर साफ-सुथरा लगने लगा है। पहले तो इतना बुरा हाल हो गया था कि सांकेतिक बोर्ड तक को पोस्टरों से पाट दिया गया था। बाहर से आने वाले लोगों को जगह के बारे में पता हीं नहीं चल पाता था।
सख्ती से होगा आचार सहिता का पालन : डीसी
डीसी डा. आदित्य दहिया ने बताया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का जींद प्रशासन पूरी सख्ती से पालन कर रहा है। किसी को भी शहर में होर्डिंग लगाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए अलग अलग टीमों का गठन कर दिया गया है।