विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana Weather: हरियाणा में अभी से सताने लगी गर्मी, जींद में 30 डिग्री के पार पहुंचा पारा; कब से बदलेगा मौसम?

Published: Thu, 13 Mar 2025 07:37 AM (IST)

Haryana Weather News Today हरियाणा में अभी से गर्मी का एहसास होने लगा है। जींद में अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी ...और पढ़ें

हरियाणा के जींद में 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान (File Photo)
हरियाणा के जींद में 30 डिग्री के पार पहुंचा तापमान (File Photo)

HighLights

  1. जींद में कल के बाद बदलेगा मौसम
  2. बुधवार सुबह अचानक छाया कोहरा
  3. 20 मीटर से भी कम रही दृश्यता

जागरण संवाददाता, जींद। Haryana Mausam: हरियाणा के जींद में मार्च के महीने में ही तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री रहा। सुबह अचानक जींद, उचाना और जुलाना में घना कोहरा छा गया। दृश्यता 20 मीटर भी कम रही।

करीब दो घंटे बाद कोहरा छंटा। वहीं दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार 13 मार्च रात्रि से 15 मार्च के दौरान बादलवाई और हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है।

फसलों के लिए नुकसानदायक होगी बारिश

फिलहाल तेज हवाएं चलने और वर्षा होने से फसलों में फायदे की बजाय नुकसान की ज्यादा आशंका रहेगी। सरसों की फसल पक चुकी है और कटाई शुरू हो चुकी है। 15 मार्च से मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद भी शुरू हो रही है।

अगर वर्षा होती है, तो खेतों में सरसों की फसल की कटाई के साथ-साथ मंडियों में खरीद पर भी असर पड़ेगा। वहीं गेहूं की फसल में भी ज्यादातर किसान आखिरी सिंचाई कर चुके हैं।

दिसंबर में बिजाई की गई पछेती गेहूं की फसल में किसान सिंचाई कर रहे हैं। वर्षा के साथ तेज हवा चलने से गेहूं की फसल गिरने का डर रहता है। फसल गिरने से उत्पादन घटने का डर रहता है।

15 व 16 को तेज हवा के साथ हल्की वर्षा की संभावना

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि विज्ञान केंद्र पिंडारा के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मार्च में अकसर कोहरा दिखाई नहीं देता है। आगामी दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 15 व 16 मार्च को जिले में तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।

हिमाचल में हुई हल्की बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों पर बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। पर्यटन स्थल मनाली में हल्की बूंदाबांदी हुई तो जनजातीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात। हिमस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि अटल टनल रोहतांग अभी पर्यटकों के लिए बहाल नहीं होगी।

जानें कश्मीर के मौसम का हाल

कश्मीर में पहाड़ों पर रुक-रुककर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में वर्षा कश्मीर में बुधवार को भी उच्च पर्वतीय इलाकों में रुक रुककर बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में वर्षा का बुधवार को सिलसिला जारी रहा। इधर, जम्मू में रात को हल्की बूंदाबांदी के बाद दिनभर तेज धूप छाई रही। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान भी कश्मीर में पहाड़ों पर हिमपात व निचले इलाकों में वर्षा की संभावना जताई है।

ये भी पढ़ें- Weather: आज से मौसम लेगा करवट, हिमाचल-कश्मीर में हिमपात का दौर जारी; तीन दिन हल्की वर्षा के आसार

ये भी पढ़ें- गूगल मैप के सहारे चलने वाले सावधान! बंद रास्ते पर दिखा रहा सड़क, जींद से सामने आया हैरान करने वाला मामला