विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में नवंबर का मिड-डे मील मेन्यू जारी, सब्जी पुलाव- काला चना, रोटी व गुड़ रोटी जैसे व्यंजन शामिल

Published: Tue, 03 Nov 2026 03:09 PM (IST)

हरियाणा के राजकीय स्कूलों में नवंबर माह के लिए मिड-डे मील का नया मेन्यू जारी किया गया है, जिसमें सब्जी ...और पढ़ें

हरियाणा में नवंबर का मिड-डे मील मेन्यू जारी (फाइल फोटो)

हरियाणा में नवंबर का मिड-डे मील मेन्यू जारी (फाइल फोटो)


HighLights

  1. नवंबर माह के लिए मिड-डे मील का नया मेन्यू जारी।

  2. सब्जी पुलाव, गुड़ रोटी जैसे पौष्टिक व्यंजन शामिल किए गए।

  3. जींद में 52 हजार से अधिक छात्रों को मिलेगा लाभ।

जागरण संवाददाता, जींद। शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय स्कूलों में नवंबर माह में विद्यार्थियों को मिलने वाले मिड-डे मील का मेन्यू जारी किया है। इसके तहत विद्यार्थियों को पारंपरिक भोजन के साथ पौष्टिक व्यंजन मध्याह्न भोजन में दिए जाएंगे।

विभाग की ओर से प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन प्रति विद्यार्थी 6.78 रुपये और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए 10.17 रुपये की सामग्री लागत निर्धारित की गई है। स्कूलों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा।

जिले के राजकीय विद्यालयों में पहली से आठवीं कक्षा के 52 हजार से अधिक विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन उपलब्ध कराया जाता है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना है। मेन्यू में अलग-अलग खाद्य पदार्थों को शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों को संतुलित आहार देना और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना है।

मेन्यू के अनुसार नवंबर माह में विद्यार्थियों को सप्ताह के हिसाब से अलग-अलग व्यंजन परोसे जाएंगे। पहले सप्ताह में सब्जी पुलाव व काला चना, रोटी व घीया चना दाल, राजमा-चावल, कढ़ी-पकौड़ा व चावल और गुड़ रोटी व दही दिया जाएगा। दूसरे सप्ताह में विद्यार्थियों को मीठा दलिया, चावल व सफेद चना, चना दाल खिचड़ी और मिर्ची परांठा व दही परोसा जाएगा।

इसके बाद तीसरे सप्ताह में दाल-चावल, रोटी व मूंग-मसूर की दाल, मिर्ची रोटी व मौसमी सब्जी, मीठे मूंगफली चावल, नमकीन दलिया और गेहूं-रागी का चूरमा मेन्यू में शामिल हैं। चौथे सप्ताह में सब्जी पुलाव व काला चना, राजमा-चावल, कढ़ी-पकौड़ा व चावल, गुड़ रोटी व दही और मिलेट परांठा व दही विद्यार्थियों को मिलेगा। महीने के अंतिम दिन सोया खिचड़ी परोसी जाएगी।

जिले में पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की संख्या

जिले में पहली से आठवीं तक के 52 हजार से अधिक विद्यार्थियों को दोपहर के समय मिड-डे मील दिया जाता है। इसमें से पहली कक्षा में 5537, दूसरी कक्षा में 5888, तीसरी कक्षा में 5218, चौथी कक्षा में 5226, पांचवीं कक्षा में 7251, छठी कक्षा में 8938, सातवीं कक्षा में 8753 व आठवीं कक्षा में 9106 विद्यार्थी शामिल हैं।

राजकीय स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई करने वाले छात्रों को दोपहर के समय स्कूल में मिलने वाले भोजन के मेन्यू की नई सूची जारी कर दी गई है। अब इसी मेन्यू के हिसाब से विद्यालयों में भोजन परोसा जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ संतुलित आहार देना और उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना है। -महेंद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।