झांझ गेट से गायब हुई महिला का नारनौंद की मोठ माइनर में मिला शव
झांझ गेट से गायब हुई महिला का शव शुक्रवार को नारनौंद थाना पुलिस ने मोठ माइनर से बरामद किया। महिला की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगा।
जागरण संवाददाता, जींद : शहर के झांझ गेट से गायब हुई महिला का शव शुक्रवार को नारनौंद थाना पुलिस ने मोठ माइनर से बरामद किया। महिला की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगा।
बता दें कि शुक्रवार को नारनौंद थाना पुलिस ने मोठ माइनर से एक महिला का शव बरामद किया था। मृतका के माथे में चोट का निशान भी हैं। मृतक महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस द्वारा फोटो वायरल किए जाने पर उसकी पहचान झांझ गेट निवासी राजकुमार की 36 वर्षीय पत्नी किरण के रूप में हुई। किरण वीरवार शाम को घर से गायब हो गई थी।
परिजनों ने उसे तलाशा भी लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया था। हालांकि मृतका के माथे पर चोट का निशान है लेकिन कयास यह लगाए जा रहे हैं कि किरण हांसी ब्रांच नहर की तरफ निकली थी, शायद वह नहर में गिर गई हो और उसका शव बहता हुआ मोठ माइनर में पहुंच गया हो।
किरण की मौत किस कारण से हुई, असल बात का पता तो पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल फोटो से शिनाख्त करने के बाद परिजन नारनौंद पहुंच गए। शहर थाना के कार्यवाहक प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मोठ माइनर में मिले महिला के शव की शिनाख्त झांझ गेट निवासी किरण के रूप में हुई है। शुक्रवार को परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दी है।