सफीदों हलके के पांच रूटों की बसें बंद, परिवहन मंत्री से मिले विधायक गांगोली
परिवहन विभाग ने सफीदों हलके के विभिन्न रूटों पर चलने वाली पांच बसों को बंद कर दिया है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में सफीदों के कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली ने इस बारे में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से मुलाकात की और इन बसों को दोबारा चलाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, जींद :

विधायक सुभाष गांगोली ने बताया कि पिल्लूखेड़ा के कैथल और पानीपत चलने वाली बसों की नाइट पिल्लूखेड़ा में होती थी। अब यह नाइट बंद हो चुकी है। इससे रात के समय पिल्लूखेड़ा आने और सुबह के समय जाने के लिए यात्रियों को बस सुविधा नहीं मिल रही है। विधायक गांगोली ने कहा कि मुआना से साहनपुर गांव तक चलने वाली रोडवेज सेवा भी बंद हो चुकी है। इनके अलावा जींद से हरिद्वार जाने वाली बस गांव जामनी, कालवा, गांगोली, हाट व सफीदों के यात्रियों को लेकर पानीपत की तरफ रवाना होती थी। यह रूट भी बंद कर दिया गया है। इसी तरह सफीदों से वाया हाट होते हुए गोहाना तक जाने वाली बस भी बंद हो चुकी है। इन बसों के चलने से यात्रियों को निजी बसों में सफर करना पड़ रहा है। परिवहन सेवा न होने से किसानों व मजदूरों को घंटों तक वाहनों के इंतजार में बस स्टॉप पर खड़े रहना पड़ता है। विधायक ने परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से मुलाकात करके इन बस सेवाओं को जल्द चालू करवाने की मांग की। विधायक ने बताया कि परिवहन मंत्री ने आश्वास दिया है कि जींद रोडवेज जीएम से बात करके इन बस सेवाओं को दोबारा चालू करवाया जाएगा।