खटकड़ टोल पर किसान कल मनाएंगे महिला दिवस
खटकड़ टोल पर कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का धरना जारी है। किसान नेताओं के आह्वान पर 18 जनवरी को महिला दिवस मनाया जाएगा।
संवाद सूत्र, उचाना: खटकड़ टोल पर कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का धरना जारी है। किसान नेताओं के आह्वान पर 18 जनवरी को महिला दिवस मनाया जाएगा। किसान एकता मंच की महिला सेल की जिलाध्यक्ष सिक्किम सफा खेड़ी ने कहा कि 18 जनवरी को महिला दिवस पर महिला मंच संचालन करेंगी तो महिला आस-पास के गांवों से ट्रैक्टर चलाकर धरना स्थल पर पहुंचेंगी। इस आंदोलन में महिलाओं की भूमिका अहम है। महिलाएं घर का काम करके धरने पर पहुंच रही हैं। ट्रैक्टर चलाना महिलाएं सीख रही हैं और खेत के काम भी कर रही हैं। ताकि बॉर्डर धरने पर गए उनके परिवार के सदस्यों को खेत, घर के काम की चिता न हो। धरने की अध्यक्षता पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य जंगीर पालवां ने की।
किसान नेता आजाद पालवां, सतबीर पहलवान ने कहा कि जिस तरह से शांतिपूर्वक तरीके से आंदोलन चल रहा है। वैसे ही जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाती, आंदोलन शांतिपूर्वक तरीके से चलाएंगे। सरकार हठ कर रही है, जो गलत है। जब किसान इस कानून को नहीं चाहते है तो क्यों कानून को वापस नहीं लेती है। हर बार बैठक पर बैठक कर तारीख पर तारीख दे रही है। अब किसान मन बना चुका है कि जब तक बिल वापसी नहीं, तब तक घर वापसी नहीं है। यह आंदोलन जन आंदोलन बन चुका है। हरियाणा, पंजाब के अलावा आस-पास के राज्यों के किसान के साथ हर कोई समर्थन दे रहा है। इस मौके पर भरत सिंह, मा. सतबीर, बिजेंद्र संधु, छाजू नैन, विक्रम दूहन, लीला छापड़ा, बिरखा, राकेश खटकड़, अमरजीत, जयप्रकाश खटकड़ मौजूद रहे।