विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के सफीदों में धान खरीद में देरी पर किसानों का प्रदर्शन, मार्केट कमेटी कार्यालय पर जड़ा ताला

Published: Thu, 08 Oct 2026 09:58 PM (IST)

सफीदों की नई अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय ...और पढ़ें

हरियाणा के सफीदों में धान खरीद में देरी पर किसानों का प्रदर्शन। फोटो जागरण

हरियाणा के सफीदों में धान खरीद में देरी पर किसानों का प्रदर्शन। फोटो जागरण

HighLights

  1. किसानों ने सफीदों मंडी में धान खरीद शुरू न होने पर विरोध किया।

  2. मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

  3. प्रशासन के आश्वासन पर धरना समाप्त, दोबारा आंदोलन की चेतावनी दी।

जागरण संवाददाता, सफीदों (जींद)। नगर की नई अनाज मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने वीरवार को एक बार फिर मार्केट कमेटी कार्यालय सफीदों के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया।

किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंडी में धान की खरीद तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई। करीब तीन घंटे चले धरने के दौरान मार्केट कमेटी सचिव मनोज परासर और सिटी थाना प्रभारी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। बाद में किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ भी धरनास्थल पर पहुंचे।

प्रशासन की ओर से धान की खरीद जल्द शुरू कराने का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मार्केट कमेटी सचिव को एसडीएम के नाम ज्ञापन भी सौंपा। किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मंडी में धान की सरकारी खरीद सुचारू रूप से शुरू कराने, 17 प्रतिशत नमी वाली धान की तत्काल खरीद करने और जल्द पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने की मांग की।

किसानों के लिए जरूरी सुविधाओं का भी अभाव

भारतीय किसान यूनियन के जिला उप प्रधान जयपाल सिल्ला खेड़ी, सरपंच अजीत पाल, देवेंद्र, जिला प्रधान नवीन मलिक आदि ने कहा कि सफीदों मंडी में पीआर धान की लगातार आवक हो रही है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू नहीं होने के कारण किसान अपनी फसल लेकर मंडी में इंतजार करने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि मंडी में खरीद प्रक्रिया के साथ किसानों के लिए जरूरी सुविधाओं का भी अभाव है।

किसानों ने कहा कि मंडी में उनकी समस्याएं सुनने के लिए मार्किट कमेटी सचिव व संबंधित खरीद एजेंसी का परचेजर या अन्य अधिकारी नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहते, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों का कहना था कि सरकार की ओर से 29 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सफीदों में अब तक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई।

दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा

किसानों ने बताया कि करीब दो दिन पहले भी सफीदों के एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने धान की खरीद शुरू करवाने का आश्वासन दिया था। अधिकारियों के आश्वासन पर किसानों ने उस समय अपना धरना समाप्त कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर किसानों ने गेट से ताला हटाया और धरना समाप्त किया। हालांकि, किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई और मंडी की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।