किसान-मजदूरों ने कृषि कानूनों के विरोध में किया प्रदर्शन
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान व मजदूरों ने कृषि बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। इस मौके पर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संवाद सूत्र, जुलाना : जुलाना में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान व मजदूरों ने कृषि बिल के विरोध में प्रदर्शन किया। इस मौके पर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता मजदूर नेता सुभाष पांचाल और रिटायर्ड कर्मचारी नेता ईश्वर ठाकुर ने की। सुभाष पांचाल और ईश्वर ठाकुर ने संयुक्त रूप से कहा कि कृषि कानून किसानों और कृषि दोनों को नष्ट कर देंगे। समाजसेवी एवं कांग्रेसी नेता मोहित लाठर ने बताया कि केंद्र सरकार ने संशोधन कर 7 सबसे आवश्यक वस्तुओं के भंडारण पर सभी तरह के प्रतिबंधों को हटा दिया हैं। चावल, गेहूं, दालें, चीनी, खाना पकाने का तेल, प्याज और आलू के भंडारण पर प्रतिबंध हटने से जमाखोरी करने और कालाबाजारी बढ़ जाएगी। इससे इनकी कीमतों में कई गुना वृद्धि होगी और खाद्य सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी। इस मौके पर युवा संगठन के विजय लाठर, प्रदीप, सत्यवान लाठर, महेंद लाठर, कलीराम और काफी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रही।