मैनपावर से करेंगे भाजपा का मुकाबला: दुष्यंत चौटाला
लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी का खाता भी नहीं खुलने के बावजूद दुष्यंत चौटाला के जोश व तेवरों में कमी नहीं आई है।
जागरण संवाददाता, जींद : लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी का खाता भी नहीं खुलने के बावजूद दुष्यंत चौटाला के जोश व तेवरों में कमी नहीं आई है। गांवों में यात्रा अभियान के तहत प्रदेश के कई जिलों में रात्रि ठहराव के बाद दुष्यंत अब बसपा के नेताओं के साथ जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की मीटिग ले रहे हैं। शुक्रवार को जजपा-बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में जींद पहुंचे दुष्यंत ने कहा कि भाजपा अमीर लोगों की पार्टी है। गरीब उसकी प्राथमिकता नहीं है। इसलिए जजपा-बसपा गठबंधन किसान, कमेरे, मजदूर की मैनपावर से भाजपा की मनीपावर का मुकाबला करेंगे और प्रदेश में सरकार बनाएंगे। बसपा के प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश भारती व प्रदेश प्रभारी गुरमुख तथा जजपा के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
अर्बन एस्टेट स्थित जाट धर्मशाला में जजपा-बसपा के संयुक्त जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा धनबल के जरिए अपने घोटालों को रोकने में कामयाब हो रही है। दुष्यंत ने कहा कि पांच हजार करोड़ का माइनिग घोटाला, किलोमीटर स्कीम में एक हजार करोड़ का घोटाला, 100 करोड़ का बिजली मीटर घोटाला, चार करोड़ का छात्रवृत्ति घोटाला भाजपा सरकार में हुआ है।
इस अवसर पर बसपा के जिला प्रधान जिले सिंह कश्यप, जजपा के जिला प्रधान कृष्ण राठी, विधायक पिरथी नंबरदार, दयानंद कुंडू, हरफूल भट्टी, बिजेंद्र रेढू, सुमेर चाबरी, वेद सिंह मुंडे, राजकुमार रेढू, कुलदीप रंधावा, पदमा सिगला, उर्मिला मलिक, अमरजीत ढांडा आदि मौजूद रहे।
80 एसडीओ की भर्ती में हरियाणा के सिर्फ दो
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में 80 एसडीओ की शार्ट लिस्ट जारी की है। इसमें हरियाणा प्रदेश के दो युवाओं के नाम आए बाकि अन्य 78 युवा लिस्ट में दूसरे प्रदेशों से हैं।