बिना विद्या के नारी सुख प्राप्त नहीं कर सकती : डॉ. सुमन
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोरखी में महिलाओं के लिए दो दिवसीय लघु गुरुकुल का आयोजन राष्ट्रीय आर्य निर्मात्री सभा के तत्वावधान में किया गया।
जागरण संवाददाता, जींद : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोरखी में महिलाओं के लिए दो दिवसीय लघु गुरुकुल का आयोजन राष्ट्रीय आर्य निर्मात्री सभा के तत्वावधान में किया गया। गुरुकुल का प्रारंभ वैदिक यज्ञ से किया गया। इसके बाद भिवानी से पहुंचे आचार्या डॉ. सुमन ने संबोधित करते हुए बताया कि यदि हम प्रत्येक कार्य बुद्धिमता से विचार करके करते हैं, तो अपने कार्यों में सफलता मिलती है। बिना विद्या के नारी सुख प्राप्त नहीं कर सकती। सब सुखों का आधार ही विद्या है। धर्म के सही अर्थ अर्थात कर्तव्य के बारे में बताते हुए कहा कि वेद की आज्ञा पालन ही वास्तव में धर्म कहता है। ईश्वर सत्र में ईश्वर के विभिन्न गुणों को विज्ञान और तर्क से सिद्ध करके बताया। जनपदीय महासचिव आर्य संदीप बुढ़ाखेड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय आर्य निर्मात्री सभा के इस प्रकार से सत्र लगभग पूरे भारत मे आयोजित होते हैं।