जींद में दीपावली की आतिशबाजी बनी काल, महिला की मौत; पांच गोवंश झुलसे
जींद में दीपावली पर आतिशबाजी के छर्रे से 39 वर्षीय महिला पूनम की मौत हो गई, जबकि करनाल के निसिंग ...और पढ़ें
-1794246672243_m.webp)
जींद में महिला की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
जींद में आतिशबाजी के छर्रे से महिला की मौत।
करनाल में पटाखों से तुड़ी गोदाम में आग, गोवंश झुलसे।
एक दुधारू गाय की मौत, तीन गाभिन गाय गंभीर।
जागरण संवाददाता, जींद/करनाल। दीपावली पर हुई आतिशबाजी की चिंगारी दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गई। जींद के सेक्टर-नौ में पटाखे का छर्रा गर्दन में लगने से 39 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि निसिंग के वार्ड-एक में आतिशबाजी से तुड़ी के गोदाम में आग लग गई। हादसे में पांच गोवंश झुलस गए, जिनमें एक दुधारू गाय की मौत हो गई। तीन गाभिन गायों और एक बछिया की हालत गंभीर बनी हुई है।
जींद के सेक्टर-नौ निवासी संदीप की 39 वर्षीय पत्नी पूनम रविवार रात मकान के बाहर खड़ी होकर आतिशबाजी देख रही थी। इसी दौरान किसी पटाखे का नुकीला छर्रा उसकी गर्दन में ठोड़ी के नीचे धंस गया। शुरुआती तौर पर चोट से थोड़ा खून निकला, लेकिन हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार, शरीर के अंदर खून का रिसाव होने से उसकी मौत हुई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शव का मेडिकल कालेज खानपुर में चिकित्सक बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
उधर, निसिंग के वार्ड-एक में दीपावली की रात आतिशबाजी की चिंगारी से किसान के पराली के ढेर और तुड़ी के गोदाम में आग लग गई। आग की चपेट में आने से पांच गोवंश बुरी तरह झुलस गए। इनमें एक दुधारू गाय की मौत हो गई, जबकि तीन गाभिन गायों और एक बछिया की हालत गंभीर बनी हुई है।
आग में किसान का तुड़ी का गोदाम भी जलकर राख हो गया। पशुओं को बचाने के लिए किसान परिवार और आसपास के लोगों ने काफी प्रयास किए, लेकिन आग की लपटें तेज होने के कारण समय रहते पशुओं को बाहर नहीं निकाला जा सका।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।