विधायक मिढ़ा ने नागरिक अस्पताल को दी ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन और पंखे
भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा ने सोमवार को नागरिक अस्पताल का दौरा कर मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में मिलने वाली उपचार सुविधाओं को लेकर जानकारी ली।
जागरण संवाददाता, जींद : भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा ने सोमवार को नागरिक अस्पताल का दौरा कर मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में मिलने वाली उपचार सुविधाओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने सिविल सर्जन डा. मनजीत सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन डा. पालेराम को 25 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें सौंपी। वार्ड में मरीजों के लिए 20 पंखें भी भेंट किए। कुल 80 मशीनें अस्पताल को उपलब्ध करवाई जाएंगी।
विधायक डा. मिढ़ा ने कहा कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पोर्टेबल मशीन होती है, जिनकी मदद से मरीजों के लिए घर पर ही हवा से ऑक्सीजन जनरेट की जा सकती है। इस समय कोरोना संक्रमित मरीजों को इन मशीनों को अत्यधिक आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ये मशीनें उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल प्रशासन दिन-रात कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए फ्रंटलाइन पर कार्य कर रहा है। ऐसे में विधायक होने के नाते उनका, शहर की हर सामाजिक संस्था का यह नैतिक फर्ज बनता है कि सामर्थ्य के अनुसार अस्पताल को मरीजों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि सरकार की तरफ से अस्पताल को जो भी जिस भी मदद की दरकार है, उसे पूरा करवाया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने सिविल सर्जन से अस्पताल की जरूरतों को लेकर जानकारी हासिल की और उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने मरीजों व तीमारदारों को धैर्य बनाए रखने की अपील की और कहा कि जींद में प्रदेश सरकार तथा अस्पताल प्रशासन द्वारा उपचार के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। अस्पताल के पास ऑक्सीजन गैस की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को मद्देनजर रखते हुए दवाई उपलब्ध हैं। उन्होंने शहर के लोगों से भी चिकित्सकों का साथ देने व उनके दिशा-निर्देशों की पालना करने की अपील की।