बाइक सवार बदमाशों ने सैर करने गई महिला से की लूटपाट
रेलवे जंक्शन पार्क में सैर करने के लिए गई एक महिला से बाइक सवार महिला सहित तीन लोगों ने लूटपाट। आरोपित लोग महिला को पकड़कर उसके कानों की बाली व गले से तबीजी निकालकर फरार हो गए।
जागरण संवाददाता, जींद : रेलवे जंक्शन पार्क में सैर करने के लिए गई एक महिला से बाइक सवार महिला सहित तीन लोगों ने लूटपाट। आरोपित लोग महिला को पकड़कर उसके कानों की बाली व गले से तबीजी निकालकर फरार हो गए। महिला से लूटपाट की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज किया है।
शांति नगर निवासी संतोष ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बता कि बुधवार सुबह वह रेलवे जंक्शन पार्क में सैर करने के लिए गई थी। जब वह सैर करके वापस घर की तरफ आ रही थी तो इसी दौरान बाइक सवार दो युवक व एक महिला आई। महिला ने बाइक से उतरकर उसके पकड़ लिया और उसके बाद युवकों ने जबरदस्ती उसकी कानों से बाली व गले से सोने की तबीजी निकाल ली। उसके बाद आरोपित जंक्शन की तरफ फरार हो गए। शहर में इससे पहले भी महिलाओं से लूटपाट की घटनाएं हो चुकी है, लेकिन पुलिस उनका सुराग नहीं लगा पाई है। इसी सप्ताह पटियाला चौक की एक बुजुर्ग महिला के साथ उस समय लूटपाट कर ली थी जब वह सब्जी खरीदने के लिए गई थी। उस वारदात में भी एक महिला व दो युवक थे। आरोपित वारदात को सुबह के समय देते हैं, क्योंकि उस समय ज्यादा भीड़ नहीं होती और आरोपित वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो जाते हैं। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों का सुराग लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।