बीरेंद्र सिंह बाेले- प्रियंका को आगे करें सोनिया तो कांग्रेस की बात बने, नहीं छोड़ रहीं पुत्रमोह
केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने सोनिया गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी बेटी प्रियंका को आगे करतीं तो कांग्रेस की बात बनती लेकिन वह पुत्रमोह में पड़ी हैं।
उचाना (जींद), जेएनएन। केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधा है। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी पुत्रमोह में पड़ी हैं। उन्होंने राजनीति में अपनी बेटी प्रियंका को आगे किया होता तो कांग्रेस की बात बनती, लेकिन वह पुत्रमोह में पड़ी रहीं।
यहां राजीव गांधी महाविद्यालय में भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में उन्होंने कांग्रेस और साेनिया गांधी पर निशाना साधा। इस क्रम में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की क्षमता पर सवाल उठाया। बीरेंद्र सिंह ने कहा, मैं ने 25 साल पहले सोनिया गांधी से कहा था कि आप प्रियंका गांधी को राजनीति में आगे करें, लेकिन पुत्र मोह में वह उस समय ऐसा नहीं कर पाईं।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बना कर पीएम पद के लिए आगे किया है। इससे कांग्रेस का भला नहीं होनेवाला। बीरेंद्र सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भर भी जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहने के दौरान कौडिय़ों के भाव में जमीन लूट कर किसानों के साथ खिलवाड़ किया। इसकी वजह से आज पूर्व सीएम हुड्डा सीबीआइ की जांच भुगत रहे हैं।
कांग्रेस में 42 साल तक रहे बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने इस दौरान मुझे देश के लिए कुछ नहीं सिखाया, लेकिन भाजपा ने पांच साल की राजनीति में देश के लिए बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ने का अब कोई मन नहीं है, अब तक सात विधानसभा चुनाव लड़ चुका हूं। भाजपा अगर विधानसभा चुनाव में सीएम के तौर पर पेश करे तो विधानसभा चुनाव लड़ सकता हूं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हरियाणा में दो बार शून्य हो गई थी। तब मुझे कांग्रेस ने जिम्मेदारी दी थी, प्रदेश में उसकी वापस कराई। इतना करने के बावजूद कांग्रेस ने मेरे साथ वह किया, जो राजनीति इतिहास में किसी नेता के साथ नहीं हुआ।
पन्ना प्रमुख सम्मेलन प्रदेश सह-प्रभारी विश्वास नारंग, हिसार लोकसभा प्रभारी वीर कुमार यादव और भाजपा विधायक प्रेमलता ने भी पन्ना प्रमुखों को चुनाव में जीत का मंत्र दिया। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम में 3314 पन्ना प्रमुखों ने हिस्सा लिया।
विश्वास नारंग ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने आयुष्मान योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख तक की मेडिकल सुविधा, गरीब परिवारों को 2022 तक पक्के मकान, हर घर में रसोई गैस सिलेंडर के अलावा बिजली के दाम कम करने का काम किया है। हमारी सरकार ने 1950 रुपये प्रति क्विंटल घोषित मूल्य पर बाजरा खरीदा, अब 4200 रुपये प्रति क्विंटल के भाव सरसों खरीद रहे हैं।