मनोहर का घर लोहे जैसा मजबूत, हुड्डा के घर की तरह शीशे का नहीं है: बराला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश की मनोहर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं तो मनोहर भी भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र की संपत्ति कुछ साल में कई गुणा बढ़ने के बयान दे रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने मंगलवार को हुड्डा के आरोपों पर चुटकी लेते हुए कहा कि मनोहर लाल प्रदेश के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री हैं। उनका घर हुड्डा की तरह शीशे का नहीं है बल्कि लोहे का मजबूत घर है। जिस पर पत्थर नहीं मारा जा सकता है।
जागरण संवाददाता, जींद : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश की मनोहर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं तो मनोहर भी भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र की संपत्ति कुछ साल में कई गुणा बढ़ने के बयान दे रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने मंगलवार को हुड्डा के आरोपों पर चुटकी लेते हुए कहा कि मनोहर लाल प्रदेश के सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री हैं। उनका घर हुड्डा की तरह शीशे का नहीं है बल्कि लोहे का मजबूत घर है। जिस पर पत्थर नहीं मारा जा सकता है।
पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में बराला ने कहा कि भाजपा ने सबसे पहले आठ उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिससे साफ है कि भाजपा फ्रंट फुट पर खेल रही है। आज पूरा विपक्ष भाजपा से डरा हुआ और सहमा हुआ है। रोहतक व हिसार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा न करने के सवाल पर बराला ने कहा कि किसी खास रणनीति के तहत प्रत्याशियों की घोषणा रोकी हुई है। समय आने पर इन दो सीटों पर भी तुरंत प्रभाव से घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो नेता अभय चौटाला की मुख्यमंत्री से मुलाकात के राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाएं। खुद के चुनाव लड़ने के सवाल पर बराला ने कहा कि आलाकमान उन्हें आदेश देता है तो वो चुनाव लड़ने को तैयार हैं। इस मौके पर सांसद रमेश कौशिक, विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा, जिला प्रधान अमरपाल राणा, प्रदेश सचिव जवाहर सैनी, डा. ओपी पहल, टेकराम कंडेला, सुरेंद्र बरवाला, मास्टर गोगल आदि भी थे।