हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष तंवर बोले- प्रदेश में पार्टी नहीं करेगी किसी से गठबंधन
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी।
जेएनएन, जींद। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। प्रदेश में बूथस्तर पर कांग्रेस काफी मजबूत है। सभी बूथों पर जल्द कमेटियां गठित की जाएंगी। तंवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस बड़ा बहुमत हासिल कर देश और प्रदेश में जोरदार वापसी करेगी।
विपक्ष से घबराई भाजपा
डॉ. तंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री देशभर में उद्घाटन और शिलान्यास कर सकें, इसलिए चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की घोषणा में करीब दस दिन की देरी की। विपक्षी दलों की मजबूती से भाजपा घबराई हुई है, इसलिए वह सभी तिकड़म अपनाने में जुटी है।
बोलते कुछ, करते कुछ हैं पीएम
तंवर ने कहा कि पीएम और भाजपा नेता पहले इस बात की पैरवी करते थे कि लोकसभा के साथ ही विधानसभाओं के चुनाव कराए जाएं, लेकिन अब हरियाणा ही नहीं, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों की भाजपा सरकारें भी ऐसा करने से डर गई हैं। तंवर ने कहा कि प्रदेश की सभी दस लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी। आने वाले दिनों में पार्टी पूरे जोर-शोर के साथ मैदान में उतरेगी।
सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग
तंवर ने आरोप लगाया कि जींद उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया गया। जींद के तत्कालीन डीसी ने भाजपा के जिला अध्यक्ष की तरह काम किया। इसका इनाम उन्हें चुनाव के बाद गुरुग्राम भेजकर दिया गया।
भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे
तंवर ने कहा कि देश-प्रदेश में संवैधानिक संकट बना हुआ है। इसलिए कांग्रेस का लक्ष्य मोदी और मनोहर को हराना है। भाजपा को सत्ता से बाहर किए बगैर कांग्रेसी चैन से नहीं बैठेंगे। इस मौके पर उनके साथ कमल चौहान, रोहित दलाल, विकास पौडिय़ा आदि मौजूद थे।