अंशुल सुबह 6 बजे ही उठे, घर पर वर्करों से जाना हाल
जींद विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल सिगला ने चुनाव समाप्त होने के बाद घर पर ही थकान उतारी।
जागरण संवाददाता, जींद : जींद विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल सिगला ने चुनाव समाप्त होने के बाद घर पर ही थकान उतारी। रात को जल्दी सो गए थे, लेकिन सुबह आम दिनों की तरह उठ गए थे। दिन में घर पर ही कार्यकर्ताओं के साथ बूथ वाइज मतगणना के साथ चुनाव की समीक्षा की।
अंशुल ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान आधी रात के बाद दो या तीन बजे सो पाता था और सुबह साढ़े पांच बजे आंख खुल जाती थी। इसके बाद दिनभर कोई विश्राम नहीं मिलता है। यह उनका पहला चुनाव था, लेकिन पिता बृजमोहन सिगला के चुनाव का अनुभव था। इसलिए पूरे चुनाव को सही तरीके से मैनेज किया। सोमवार को चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद पार्टी कार्यालय में ही कार्यकर्ताओं के साथ मीटिग की थी। इसके बाद रात को 11 बजे ही सो गए थे। सुबह आम दिनों की तरह छह बजे ही उठ गए थे। अंशुल बजरंग बली हनुमान के भक्त हैं, इसलिए दिन में उनकी पूजा की। फिर करीब एक घंटे तक मां के साथ बातें की। अंशुल ने कहा कि करीब एक महीने से मां से बात ही नहीं हो पा रही थी। रात को जब घर आता था तो वह सो जाती थीं। दिन में पांच मिनट भी उनके साथ बैठने की फुर्सत नहीं मिल पाती थी। दिन में पार्टी के कार्यकर्ता घर पर पहुंचे और शहर व गांवों में हुए मतदान की समीक्षा की। अंशुल के निजी पारिवारिक सदस्य जसबीर काजल ने बताया कि शहर के साथ गांवों में भी अच्छे वोट मिलने की उम्मीद है। चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने खूब मेहनत की। काजल ने कहा कि भाजपा ने जात-पात की राजनीति की और चुनाव में वोटों की खरीद-फरोख्त भी की। सोमवार को मतदान के दौरान भी भाजपा के समर्थक रुपये बांटते हुए पकड़े गए थे। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।