जींद में पेट्रेल पंप के पास 7 टन भरे गैस टैंकर में लगी भीषण आग, चारों तरफ मची अफरा-तफरी; धमाके के डर से सहमे ग्रामीण
जींद के बिशनपुरा और शादीपुरा गांवों के बीच एक गैस टैंकर में रात 11 बजे आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सात टन गैस से भरे टैंकर में आग लगने का कारण गैस चोरी बताया जा रहा है।
-1795236234068_m.webp)
जींद में पेट्रेल पंप के पास खड़े गैस टैंकर में लगी भीषण आग। फोटो जागरण
HighLights
बिशनपुरा-शादीपुरा के बीच गैस टैंकर में लगी आग।
सात टन गैस से भरे टैंकर में चोरी से लगी आग।
सुबह चार बजे तक आग पर पाया गया काबू।
जागरण संवाददाता, जींद। रात को लगभग 11 बजे बिशनपुरा व शादीपुरा गांव के बीच एक पेट्रोल पंप के पास खड़े गैस के टैंकर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि शादीपुरा व बिशनपुरा दोनों गांवों में अफरा-तफरी मच गई।
लोगों को आशंका थी कि यह गैस टैंकर फट जाएगा, लेकिन गनीमत रही कि आग जलती रही और टैंकर फटा नहीं। जींद, जुलाना, नरवाना, उचाना व सफीदों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर सुबह चार बजे तक काबू पाया।
गांव बिशनपुरा के पास एचपी गैस का बड़ा प्लांट है। यहां पर बाहर से गैस के टैंकर आते हैं और सिलिंडरों में गैस भरी जाती है। गैस प्लांट के बाहर काफी संख्या में एलपीजी गैस से भरे टैंकर खड़े रहते हैं। सूत्रों की मानें तो यहां आसपास के क्षेत्र में इन गैस टैंकरों से काफी मात्रा में गैस चोरी की जाती है। गैस चोरी करते हुए ही किसी तरह टैंकर में आग लग गई। इस टैंकर में सात टन गैस भरी हुई थी।
कोई जानी नुकसान नहीं
शहर थाना प्रभारी आशीष कुमार, सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार व सिविल लाइन थाना प्रभारी मनीष कुमार रात को ही मौके पर पहुंचे। किसी को भी इस रास्ते जाने नहीं दिया गया। उधर, जुलाना की तरफ से भी रास्ता बंद करवा दिया गया। सुबह चार बजे आग पर काबू पाया गया। इसमें कोई जानी नुकसान हो नहीं हुआ, लेकिन रात भर बिशनपुरा व शादीपुरा गांव के लोग सो नहीं सके।