सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन फिर हुई खराब, मरीज परेशान
पहले भी खराब हो चुकी है मशीन
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़ :
शहर के सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन एक बार फिर खराब हो गई है। इससे मरीजों को बिना जांच करवाए ही वापस लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें निजी अस्पतालों और अल्ट्रासाउंड सेंटर पर महंगे रेट पर जांच करवानी पड़ रही है। विगत में भी यह मशीन लंबे समय तक खराब थी। बार-बार खराबी आने से लोग भी हैरान है। अस्पताल के मेडिसन, स्त्रीरोग विभाग, हड्डी रोग विभाग, सर्जरी समेत तमाम विभागों में मरीजों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहती है। काफी मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड टेस्ट लिखा जाता है। पिछले दो दिन से यहां अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो पा रही। मशीन में खराबी आने के चलते टेस्ट ठप हैं। सिविल अस्पताल में तो अल्ट्रासाउंड फ्री में होते हैं, लेकिन निजी केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड जांच के लिए 500 से लेकर ढाई हजार रुपये तक भी लिए जा रहे हैं। इससे मरीज परेशान हैं। दिक्कत यह है कि जब से सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन इंस्टाल हुई है तब से लेकर कई बार मशीन में खराबी आ चुकी है। ऐसे में कई-कई दिनों तक तो अल्ट्रासाउंड जांच कार्य प्रभावित रहता है। अब महीनेभर में ही दो बार खराबी आ चुकी है। इसके कारण कई तरह की परेशानियां मरीजों को उठानी पड़ रही है। मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन से अनुरोध किया है कि मशीन को तुरंत ठीक करवाया जाए। सिविल अस्पताल में हर रोज करीब 30 अल्ट्रासाउंड होते हैं। अब सभी को वापस जाना पड़ता है। अस्पताल की बायोमेडिकल इंजीनियर का कहना है कि जिस कंपनी की मशीन है उस कंपनी के इंजीनियर को इस बारे में सूचित कर दिया गया था। इंजीनियर के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कब तक मशीन चालू होगी।