STF रोहतक और झज्जर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में दो मुख्य शूटर गिरफ्तार, कत्ल का बदला लेने के लिए रची थी खौफनाक साजिश
एसटीएफ रोहतक और झज्जर पुलिस ने ढाकला गांव में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में दो मुख्य शूटरों सागर जून और पंकज को गिरफ्तार किया है।
-1794917760513_m.webp)
गोली लगने से घायल दोनों शूटर। फोटो जागरण
HighLights
ढाकला हत्याकांड में एसटीएफ और झज्जर पुलिस ने दो शूटर पकड़े।
पुरानी रंजिश के चलते की गई थी यह खौफनाक वारदात।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस कस्टडी रिमांड में होगी पूछताछ।
जागरण संवाददाता, झज्जर। क्षेत्र के गांव ढाकला में बीते वीरवार (12 नवंबर) को घर में घुसकर की गई फायरिंग और हत्या के मामले में एसटीएफ रोहतक तथा झज्जर पुलिस ने दो मुख्य शूटरों को धर दबोचा है। पुलिस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल झज्जर में भर्ती कराया गया है।
संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नामजद दो मुख्य शूटरों में सागर जून उर्फ भोलू पुत्र जोगिन्द्र (निवासी गांव नूना माजरा, थाना सदर झज्जर) तथा पंकज पुत्र नरेश कुमार (निवासी गांव बराही, जिला झज्जर) को काबू किया है।
मंगलवार को प्रेस वार्ता में डीएसपी शमशेर सिंह ने बताया कि वारदात के पीछे पुरानी आपसी रंजिश और बदला लेने की भावना जुड़ी थी। मुख्य आरोपित सागर के चाचा सुरेंद्र उर्फ गुल्लर प्रधान का कत्ल 20 अगस्त 2021 को हुआ था, जिसका बदला लेने के लिए सागर ने विकास के ऊपर यह फायरिंग करवाई थी।
वहीं, पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मूल रूप से गांव रिटोली का रहने वाला और ढाकला में रिश्तेदारी में रहने वाले विकास के ऊपर भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आईजी एसटीएफ सिमरदीप सिंह और सीपी झज्जर के नेतृत्व में तथा एसपी एसटीएफ वसीम अकरम, एसटीएफ रोहतक इंचार्ज इंस्पेक्टर योगेन्द्र और सीआईए झज्जर इंचार्ज इंस्पेक्टर अमित की टीमों द्वारा एक संयुक्त आपरेशन के तहत वारदात का पूरी तरह से पटाक्षेप कर दिया गया है।
घर में घुसकर की गई थी अंधाधुंध फायरिंग
बीती 12 नवंबर को गांव ढाकला निवासी विकास के मकान में घुसकर अज्ञात हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना में विकास तथा गांव ढाकला निवासी बलराम गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बलराम की मृत्यु हो गई, जबकि विकास का उपचार जारी रहा।
चल रही जांच में पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच करते हुए एक संयुक्त जाल बिछाया। इसी कड़ी में झज्जर रोड स्थित गुढ़ा फ्लाईओवर पर उत्तर प्रदेश नंबर की बोलेरो गाड़ी सहित आरोपितों को घेरकर काबू किया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल किया जाएगा।
रिमांड के दौरान वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों, हत्या की बड़ी साजिश और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं का बारीकी से पता लगाया जाएगा। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।