हड़ताल के कारण जिले के सरकारी बैंक रहे बंद, भटकते रहे लोग
फोटो 5 -हड़ताल के चलते जिले में करीब 200 करोड़ रुपये का नहीं हुआ लेनदेन -दो दिन
फोटो : 5
-हड़ताल के चलते जिले में करीब 200 करोड़ रुपये का नहीं हुआ लेनदेन
-दो दिन की हड़ताल व रविवार के चलते तीन दिन तक बंद रहेंगे बैंक
-2017 में हुआ वेतन समझौता लागू नहीं होने पर की हड़ताल
जागरण संवाददाता,झज्जर :
शुक्रवार को बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर दो दिन की हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के कारण दो दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में करोड़ों रुपये का लेनदेन भी प्रभावित हुआ। बैंकों की हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को भी परेशानी हुई और चक्कर काटने पड़े। हालांकि हड़ताल में सरकारी बैंक ही शामिल थे। प्राइवेट बैंक खुले रहे और उनमें कार्य जारी रहा।
बता दें कि बैंक कर्मचारियों का 2017 में वेतन समझौता हुआ था। इसके तहत बैंक कर्मियों को वेतन बढ़ने व अन्य सुविधाएं मिलनी थी। लेकिन करीब ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी इस समझौते को लागू नहीं किया गया है। इस कारण बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे। जिलेभर में बैंकों की हड़ताल के कारण करीब 200 करोड़ रुपये का लेनदेन नहीं हो पाया। ताला व नोटिस देख मायूस लौटे उपभोक्ता : शुक्रवार सुबह अनेक उपभोक्ता बैंकों में पहुंचे। लेकिन बैंकों के गेट पर ताला लगा व नोटिस चस्पा मिला। इस कारण उपभोक्ता अपने बैंक से संबंधित लेनदेन भी नहीं कर पाए और मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। हड़ताल की पहले सूचना नहीं होने के कारण अधिक लोग बैंकों में पहुंचे। खासकर बुजुर्गो को हड़ताल के चलते अधिक दिक्कत हुई। बड़ी मुश्किल से तो बुजुर्ग बैंकों में पहुंचे और हड़ताल का पता लगने के बाद उन्हे बिना काम पूरा किए ही वापस जाना पड़ा।
तीन दिन तक बंद रहेंगे बैंक : बैंक कर्मचारी शुक्रवार से दो दिन की हड़ताल पर चले गए हैं। बैंक कर्मी 31 जनवरी व 1 फरवरी को हड़ताल पर रहेंगे। वहीं 2 फरवरी को रविवार होने के चलते छुट्टी रहेगी। इसलिए लोग तीन दिन तक लगातार बैंक संबंधित लेनदेन भी नहीं कर पाएंगे। जब सोमवार को बैंक खुलेंगे तो तीन दिन से पेंडिग रहे कार्य का बोझ भी अधिक होगा। -ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर फेडरेशन के सर्कल अध्यक्ष रमेश मुढारा ने बताया कि हड़ताल के कारण करीब 200 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ है। सरकार जल्द से जल्द कर्मचारियों की मांगों को पूरा करे। साथ ही 2017 में हुए वेतन समझौते को तुरंत लागू किया जाए।