ये क्या! मंत्री बांटेंगे ताश, पत्तों पर होगा सरकार का हिसाब-किताब
धनखड़ नींबू के पौधे व ताश के पत्तों के जरिये बादली विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।
जेएनएन, झज्जर/चंडीगढ़। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ नींबू के पौधे व ताश के पत्तों के जरिये बादली विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। नींबू के पौधे बांटने के लिए 11 अगस्त को विधानसभा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत एक घंटे में लगभग 60 हजार नींबू के पौधे रोपित किए जाएंगे।
धनखड़ का कहना है कि बादली विधानसभा क्षेत्र में पौधरोपण का जो अभियान चलना है वह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल है। तय किए गए टारगेट के मुताबिक 60 हजार नींबू के पौधे रोपित किए जाएंगे। हर स्तर पर तैयारियां की जा चुकी हैं। एक ओर जहां ग्रामीणों में अच्छा खासा उत्साह है, वहीं पार्टी के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी इस यज्ञ को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
धनखड़ ताश की गड्डी के 52 पत्तों के जरिये भी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे। हर पत्ते पर एक-एक विकास कार्य का उल्लेख किया गया है, ताकि जो भी कार्य बादली विस क्षेत्र के लोगों के लिए करवाए गए हैं उनकी याद हमेशा उस दौरान भी ताजा जब लोग इन गड्डियों से ताश खेल रहे हों।
ताश की गड्डी के साथ विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की पहल पर धनखड़ का कहना है कि इसे कुछ इस रूप में कहा जा सकता है कि यह पिछले चार वर्षों का उनका रिपोर्ट कार्ड है। उनका कहना है कि हालांकि कार्यों की संख्या तो और भी ज्यादा है। ताश की गड्डी के चयन को लेकर धनखड़ मुस्कुराते हुए कहते हैं कि हम सदैव सकारात्मक पक्ष देखते हैं।
हुड्डा ने किया कटाक्ष
वहीं, कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने धनखड़ के ताश के पत्तों की गड्डी पर विकास परियोजनाओं की जानकारी देने के अभियान पर कटाक्ष किया है। कहा कि इन लोगों को कपास और सरसों की फसल का अंतर तक पता नहीं, इसलिए इनसे कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। वैसे भी यह परियोजना गलत गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें