सरकार चाहे जो हथकंडे अपना ले, पीछे नहीं हटेंगे
जागरण संवाददाता, झज्जर: हड़ताली एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों का सरकार के प्रति आक्रोश बढ
जागरण संवाददाता, झज्जर:
हड़ताली एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों का सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। कर्मचारी प्रतिदिन शहर में प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट कर रहे हैं। शनिवार को भी कर्मचारियों ने दोपहर बाद शहर में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इससे पूर्व हड़ताली कर्मचारी पहले की तरह नागरिक अस्पताल में धरनास्थल पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ भाषण बाजी करते रहे। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सरकार कर्मचारियों पर एस्मा के तहत मामले दर्ज और बर्खास्त कर के भी देख चुकी है। लेकिन कर्मचारी पीछे हटने वाले नहीं है। वहीं एसोसिएशन के पदाधिकारी अशोक ने बताया कि सरकार चाहे कुछ भी हथकंडे क्यों नहीं अपना लें, लेकिन जब तक मांगे पूरी होने का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सर्व कर्मचारी संघ, आशा वर्कर यूनियन, मिड डे मिल वर्कर यूनियन और रिटायर्ड कर्मचारी संघ का भी उन्हें समर्थन मिल रहा है। जल्द ही सभी विभागों के साथ मिलकर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।