नगर परिषद कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया शहर में प्रदर्शन
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद झज्जर में इकाई ने प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान शिवम ने की।
जागरण संवाददाता, झज्जर : नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद झज्जर में इकाई ने प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान शिवम ने की। नगर परिषद कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए बीकानेर चौक, अंबेडकर चौक पहुंचे। जहां पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान उन्होंने हाथरस पीड़िता के भाई को झूठे मुकदमें में फंसाने का भी विरोध किया। जिस कारण भी नगर परिषद कर्मचारियों में रोष है।
जिला प्रधान शिवम ने कहा कि सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करे और जब तक पक्का नहीं किया जाता तब तक समान काम समान वेतन दिया जाए। कर्मचारियों को जोखिम भत्ता दिया जाए। उन्होंने कहा कि इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। अगर सरकार ने समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो वे कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे। इस दौरान कृष्ण, गौरव, सुनील, सुरेश, ऊषा, किरण बाला, सुमित्रा व सूरज आदि भूख हड़ताल पर बैठे। वहीं प्रदर्शन में सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामबीर, विष्णु दत्त जांगड़ा, मोहन शर्मा, मा. रमेश जाखड़, देवीदत्त, सरोज दुजाना, मास्टर ईश्वर आदि ने भाग लिया।