तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीयता का दिया संदेश
जागरण संवाददाता झज्जर अनुच्छेद 370 समाप्त किए जाने एवं आजादी के सिपाहियों को याद कर देश्
जागरण संवाददाता, झज्जर : अनुच्छेद 370 समाप्त किए जाने एवं आजादी के सिपाहियों को याद कर देशभक्ति की भावना को जागृत करने के लिये शुक्रवार को शहर में सैंकड़ों की संख्या में युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। बैंक रोड पर स्थित निजी अकादमियों में पढ़ने वाले युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। शहीद रविद्र छिक्कारा की प्रतिमा को नमन करते हुए सभी देशभक्ति के गीतों की धुनों पर आगे बढ़े। भारत माता की जय , वन्दे मातरम , हिन्दुस्तान जिदाबाद के नारों के साथ शहीदों की जय के जयकारे भी लगाये। रास्ते से गुजर रहे हर आम जन ने इन युवाओं के सुर में सुर मिलाते हुये भारत माता की जय के जयकारे लगाये। आंबेडकर चौक पर संविधान निर्माता बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के प्रतिमा स्थल को नमन करने के बाद यह सभी यादव धर्मशाला की ओर बढ़े। जिसके बाद पुराना तहसील रोड, सिविल अस्पताल रोड से होते हुए भगत सिंह चौक तक पहुंचे। शहीद भगत सिंह की प्रतिमा को माल्यार्पण करते हुए युवाओं ने अनुच्छेद 370 समाप्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। यात्रा में बड़ी संख्या में लड़कियों एवं महिलाओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के जयघोष से वातावरण में देश भक्ति का संगीत गुंजायमान हो गया। हर किसी के दिल से भारत माता की जय का नारा निकल रहा था। युवाओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा के जरिये नौजवानों में देश के प्रति कर्तव्य और समाज में राष्ट्रीयता और राष्ट्र प्रेम का भाव मजबूत होगा। जन जन में तिरंगे के प्रति सम्मान और भारत का स्वाभिमान बढ़ाने के लिये ही तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है।