विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के झज्जर में खेत में दबा मिला व्यक्ति का शव, कुत्तों के खोदने पर खुला सनसनीखेज राज

Published: Mon, 09 Nov 2026 06:16 PM (IST)

साल्हावास के झांसवा गांव में एक खेत से जमीन में दबी लापता व्यक्ति राजकुमार का शव मिला, जिसकी पहचान उसके ...और पढ़ें

झज्जर में खेत में दबा मिला व्यक्ति का शव। फोटो जागरण

झज्जर में खेत में दबा मिला व्यक्ति का शव। फोटो जागरण

HighLights

  1. झांसवा खेत में जमीन से लापता व्यक्ति का शव मिला।

  2. आवारा कुत्तों के मिट्टी खोदने से हुआ सनसनीखेज खुलासा।

  3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।

संवाद सूत्र, साल्हावास (झज्जर)। क्षेत्र के गांव झांसवा में एक खेत से जमीन में दबी हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में आवारा कुत्तों द्वारा लगातार मिट्टी खोदने और भगाने पर भी न हटने से खेत मालिक को संदेह हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब खेत की खुदाई कराई, तो वहां से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान राजकुमार (पुत्र रामआसरे, निवासी गांव सोन पीपरी, जिला महराजगंज, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मृतक गत 28 अक्टूबर 2026 से लापता था।

साले ने दर्ज कराया था मुकदमा

इस संबंध में मृतक के साले अखिलेश (पुत्र रामअवध, निवासी संगध, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश) द्वारा गत 2 नवंबर 2026 को थाना साल्हवास में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद साले अखिलेश द्वारा ही शव की शिनाख्त की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मौके पर नायब तहसीलदार रघुबीर सिंह, एसीपी नवीन संधु और थाना साल्हवास प्रभारी अपनी टीम के साथ पहुंचे। इसके अलावा मौके की नजाकत को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।