झज्जर में प्रदूषण पर बड़ी कार्रवाई 8 अवैध आरएमसी प्लांट हटाए गए
एनसीआर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के कारण झज्जर में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुरोध पर 8 अवैध रेडी-मिक्स कंक्रीट प्लांट हटाए गए।

झज्जर में 8 अवैध आरएमसी प्लांट ध्वस्त, एक ने स्वयं हटाया ढांचा।
HighLights
एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में पहुंचा।
झज्जर में 8 अवैध रेडी-मिक्स कंक्रीट प्लांट हटाए गए।
बिना एनओसी चल रहे थे, धूल से प्रदूषण बढ़ा रहे थे।
जागरण संवाददाता, झज्जर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वर्तमान समय में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बेहद खराब श्रेणी में पहुंच चुका है, जिससे हवा लगातार गंभीर और जहरीली होती जा रही है।
बिगड़ते पर्यावरण और ग्रैप के नियमों को ध्यान में रखते हुए जिला उपायुक्त ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों और प्रदूषण फैलाने वाले कारकों पर तुरंत रोक लगाई जाए।
इसी कड़ी में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी), बहादुरगढ़ के अनुरोध पर जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) झज्जर की टीम ने अवैध रूप से संचालित 8 रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को हटवाने की कार्रवाई की है।
वहीं, प्रशासनिक सख्ती को देखते हुए बादली स्थित मैसर्स कॉम आरएमसी ने अपना ढांचा स्वयं ही हटा लिया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और डीटीपी विभाग के अनुसार, ये आरएमसी प्लांट बिना आवश्यक एनओसी और मानकों की अनदेखी कर चलाए जा रहे थे, जिससे भारी मात्रा में उड़ने वाली धूल हवा को और अधिक दूषित कर रही थी।
कार्रवाई के दायरे में आए अवैध आरएमसी प्लांटों की सूची
1. मैसर्स श्री विनायक प्रोमिक्स – गांव याकूबपुर
2. मैसर्स पी एंड एस इन्फ्रा (प्लांट-II) – गांव दादरी तोए
3. मैसर्स बालाजी ट्रेडर्स – गांव दादरी तोए
4. मैसर्स बालाजी कंस्ट्रक्शन – गांव नौरंगपुर
5. मैसर्स अल्ट्राटेक आरएमसी – गांव उकलाना
6. मैसर्स हिंदुस्तान आरएमसी
7. मैसर्स बीकेजे बिल्डटेक – गांव निमाना
8. मैसर्स चाहर आरएमसी