विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झज्जर में तेल के टैंकर फटने से बड़ा हादसा, तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल; एम्स के आईसीयू में भर्ती

Published: Sat, 07 Nov 2026 11:50 PM (IST)

झज्जर के गुभाना स्थित हॉट मिक्स प्लांट में तेल टैंकर फटने से तीन कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। ...और पढ़ें

झज्जर में तेल के टैंकर फटने से बड़ा हादसा। फोटो जागरण

झज्जर में तेल के टैंकर फटने से बड़ा हादसा। फोटो जागरण

HighLights

  1. गुभाना प्लांट में तेल टैंकर फटने से तीन कर्मचारी झुलसे।

  2. गंभीर हालत में तीनों को एम्स के आईसीयू में भर्ती।

  3. शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पुलिस जांच जारी।

संवाद सूत्र, झज्जर। क्षेत्र के गांव गुभाना स्थित हाट मिक्स प्लांट में रात को तेल का टैंकर फटने से झुलसे तीन कर्मचारियों की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को गंभीर हालत में पहले सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां से बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया।

फिलहाल, एम्स के आइसीयू में उन्हें भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है। बिहार के सहरसा निवासी नितिश पुत्र विजय की हालत सबसे नाजुक बताई जा रही है। घायलों में नेपाल निवासी नवीन पुत्र सिवाना और एक 17 वर्षीय किशोर भी शामिल हैं।

घर जाने की कर रहे थे तैयारी

बताते है कि हादसे के समय प्लांट बंद था और कर्मचारी काम पूरा कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेल का टैंकर फट गया और तीनों कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जानकारी में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। आग की चपेट में आने के बाद टैंकर फट गया। बादली थाना पुलिस हादसे के कारणों और प्लांट में सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने रात में घटनास्थल का दौरा किया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें एम्स रेफर किया गया है। मामले की जांच जारी है।

- सुमित कुमार, थाना प्रभारी, बादली।

 

प्लांट बंद बताया जा रहा है और बोर्ड की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। टीम गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल शार्ट सर्किट से आग लगने के कारण तेल का टैंकर फटने की बात सामने आई है।

- अमित दहिया, एसडीओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बहादुरगढ़।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।