विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन पर तेज हुआ प्रदर्शन, झज्जर में 23 तारीख को स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी ठप

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:38 AM (IST)

पंचकूला में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में झज्जर जिले में नर्सिंग आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने 23 नवंबर को दिन-रात की हड़ताल का एलान किया है।

चकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में हड़ताल (फोटो- प्रतीकात्मक, जागरण आर्काइव)

चकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में हड़ताल (फोटो- प्रतीकात्मक, जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. पंचकूला स्टाफ निलंबन के विरोध में झज्जर में हड़ताल।

  2. नर्सिंग आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने हड़ताल का ऐलान किया।

  3. सिविल सर्जन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताया।

जागरण संवाददाता, झज्जर। पंचकूला के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के निलंबन के विरोध में नर्सिंग आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार, 23 नवंबर को पूरे जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में दिन-रात की पूर्ण हड़ताल पर जाने का एलान किया है। इस संबंध में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सिविल सर्जन, झज्जर को हड़ताल की पूर्व सूचना देते हुए ज्ञापन सौंपा।

एसोसिएशन की जिला प्रधान सुमन बाला और अन्य पदाधिकारियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को महानिदेशक के पत्र के आधार पर नागरिक अस्पताल पंचकूला में मरीज आशीष कुमार (अब मृतक) के इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप में नर्सिंग स्टाफ को निलंबित किया गया है। संगठन ने इस कार्रवाई को पूरी तरह एकतरफा और अन्यायपूर्ण करार दिया है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पंचकूला अस्पताल में 11 अक्टूबर 2026 को मरीज के इलाज में हुई कथित लापरवाही के न तो वास्तविक कारणों का पता लगाया गया और न ही नर्सिंग स्टाफ का पक्ष सुना गया।

अस्पताल प्रशासन द्वारा गठित जांच कमेटी में नर्सिंग का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया और न ही उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया गया।

पदाधिकारियों का कहना है कि एकतरफा और गलत जांच के आधार पर नर्सिंग स्टाफ को दोषी ठहराते हुए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई, जिसके परिणामस्वरूप छह नर्सिंग आफिसर्स और सीनियर नर्सिंग आफिसर्स को निलंबित कर दिया गया।

इसी कार्रवाई के विरोध में 23 नवंबर को जिले के नागरिक अस्पताल, उपमंडल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दिन-रात की हड़ताल रहेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला प्रधान सुमन बाला, कविता, मीना देवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।