मासूम से दरिंदगी के दोषी को 20 साल का कठोर कारावास, छह लाख का मुआवजा भी मिलेगा
झज्जर की विशेष अदालत ने आठ वर्षीय बच्ची से दरिंदगी के दोषी को 20 साल के कठोर कारावास और 18 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

झज्जर की अदालत ने सुनाया फैसला (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण)
HighLights
दोषी को 20 साल का कठोर कारावास मिला
पीड़ित बच्ची को छह लाख रुपये मुआवजा मिलेगा
मामला डेढ़ साल में अंजाम तक पहुंचा
जागरण संवाददाता, झज्जर। आठ वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दरिंदगी करने के मामले में झज्जर की विशेष अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोषी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एक्सक्लूसिव कोर्ट) मोना सिंह की अदालत ने दोषी को पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी करार देते हुए कुल 18 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
इसके साथ ही अदालत ने पीड़ित बच्ची के पुनर्वास और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को छह लाख रुपये का मुआवजा देने के आदेश जारी किए हैं।
ये है पूरा मामला
बेरी थाना क्षेत्र के एक मामले में 20 मार्च 2025 को पुलिस को दी शिकायत में बताया गया था कि आठ वर्षीय बच्ची दोपहर करीब सवा दो बजे घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई थी।
रास्ते में आरोपित व्यक्ति ने मासूम को खाने-पीने की चीज दिलाने का झांसा दिया और उसका हाथ पकड़कर एक कमरे में ले गया। वहां आरोपित ने मासूम के साथ गलत हरकत की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास से गुजर रहे तीन युवकों ने मौके पर पहुंचकर उसे आरोपित के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित घर पहुंचाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपित को गिरफ्तार कर अदालत में चालान पेश किया।
विभिन्न धाराओं में सुनाई गई सजा
अदालत ने 18 नवंबर 2026 को आरोपित को दोषी ठहराया था और अब सजा के बिंदु पर फैसला सुनाया गया। अदालत ने पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत 20 वर्ष के कठोर कारावास व 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
इसके अलावा बीएनएस की धारा 140(4) के तहत पांच वर्ष का कठोर कारावास व पांच हजार रुपये जुर्माना, धारा 351(3) के तहत पांच वर्ष का कठोर कारावास तथा धारा 137(2) के तहत तीन वर्ष के कठोर कारावास व तीन हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। सभी मुख्य सजाएं एक साथ चलेंगी। जुर्माना अदा न करने की स्थिति में दोषी को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
सशक्त पैरवी से 18 महीने में अंजाम तक पहुंचा मामला
जिला न्यायवादी डा. अनुज दहिया के निर्देशानुसार अभियोजन पक्ष की ओर से इस संवेदनशील मामले में बेहद मजबूती और तत्परता के साथ पैरवी की गई।
अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजक किरण चौधरी ने अदालत के समक्ष ठोस साक्ष्य और गवाह पेश किए। इसी प्रभावी पैरवी का नतीजा रहा कि मार्च 2025 में दर्ज हुए इस जघन्य मामले में महज करीब डेढ़ वर्ष (एक वर्ष, छह माह और 24 दिन) के भीतर सुनवाई पूरी कर दोषी को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
बालिग होने पर ही निकाल सकेगी मुआवजा राशि
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि डीएलएसए झज्जर की ओर से दी जाने वाली छह लाख रुपये की मुआवजा राशि किसी राष्ट्रीयकृत बैंक में अधिकतम ब्याज दर वाली सावधि जमा के रूप में रखी जाएगी।
पीड़ित बच्ची के बालिग होने तक इस राशि को नहीं निकाला जा सकेगा और न ही इस पर कोई ऋण दिया जाएगा। बालिग होने पर पहचान व जन्मतिथि के सत्यापन के बाद बैंक या डाकघर प्रबंधन बिना किसी अदालती बाधा के ब्याज सहित पूरी राशि सीधे पीड़िता को सौंपेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।